
गुरु पूर्णिमा पर स्व. मोहित राम यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। समिति ने अखाड़ा ध्वस्तीकरण की जांच, मंदिर संपत्तियों की जांच सहित छह सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चांपा
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्री हनुमान व्यायाम शाला सेवा समिति ने मंगलवार को तहसील कार्यालय चांपा के सामने श्रद्धांजलि सभा एवं सांकेतिक धरना आयोजित किया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने स्वर्गीय गुरुजी मोहित राम यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा मुख्यमंत्री के नाम छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। समिति का आरोप है कि नगर की ऐतिहासिक खेल धरोहर श्री हनुमान व्यायाम शाला अखाड़ा को अवैध रूप से ध्वस्त किया गया तथा वहां स्थापित मूर्तियां और व्यायाम सामग्री हटा दी गई। समिति ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वक्ताओं ने रखे विचार
समिति के अध्यक्ष गिरधारी यादव ने कहा कि यह अभियान चांपा की धार्मिक आस्था और खेल विरासत के संरक्षण के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। साहित्यकार एवं पत्रकार शशि भूषण सोनी ने कहा कि स्वर्गीय मोहित राम यादव ने दशकों तक कुश्ती और व्यायाम की परंपरा को आगे बढ़ाया, इसलिए अखाड़े का पुनर्निर्माण और संरक्षण आवश्यक है। कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी हनुमान मंदिर की व्यवस्थाओं में सुधार, मंदिर संपत्तियों की जांच और नगर की खेल विरासत को संरक्षित रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
ज्ञापन में रखीं छह प्रमुख मांगें
समिति ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन में अखाड़ा ध्वस्तीकरण की जांच एवं दोषियों पर कार्रवाई, हनुमान मंदिर की आय-व्यय और संपत्तियों की जांच, मंदिर की भूमि से जुड़े कथित अवैध विक्रय एवं कब्जों की जांच, हनुमान मंदिर का शासकीय ट्रस्ट के रूप में गठन तथा स्वर्गीय मोहित राम यादव की स्मृति में प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित कराने सहित छह प्रमुख मांगें शामिल की हैं।
कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




