क्राइमजाँजगीर -चाँपा

₹1 करोड़ लोन का झांसा देकर ₹10.87 लाख ठगने वाला आरोपी इंदौर से गिरफ्तार, चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

फर्जी लोन स्वीकृति पत्र बनाकर की थी धोखाधड़ी, चांपा पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर से दबोचा

जांजगीर-चांपा। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, ASP डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांपा लौकेश बंसल के नेतृत्व में चांपा पुलिस ने लोन दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

1 करोड़ के लोन के नाम पर ऐंठे 10.87 लाख रुपये

पुलिस ने बताया कि शिवनगर चांपा निवासी आशुतोष अग्रवाल ने 16 जून 2025 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि वर्ष 2022 में समाचार पत्र के माध्यम से उनकी पहचान कुलदीप वशिष्ठ से हुई थी। आरोपी ने खुद को बैंकिंग कार्यों से जुड़ा बताकर यूको बैंक से 1 करोड़ रुपये का लोन पास कराने का झांसा दिया।
आरोपी ने लोन स्वीकृति के नाम पर 5 लाख रुपये की एफडी (फिक्स्ड डिपॉजिट) और अन्य खर्चों का बहाना बनाकर फर्जी लोन स्वीकृति पत्र, यूको बैंक का लोगो और फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल किया। झांसे में आकर पीड़ित ने 1 लाख रुपये नकद, 25 हजार रुपये फोन-पे, 7 लाख रुपये आरटीजीएस और 2.54 लाख रुपये ऑनलाइन किश्तों में जमा कर दिए। इस तरह आरोपी ने कुल 10,87,285 रुपये की ठगी को अंजाम दिया।

साइबर सेल की मदद से इंदौर में पकड़ा गया आरोपी

शिकायत के आधार पर चांपा पुलिस ने अपराध क्रमांक 259/25, धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर तकनीकी की मदद से लोकेशन ट्रैक करते हुए चांपा पुलिस की टीम इंदौर (मध्य प्रदेश) पहुंची। वहां से आरोपी कुलदीप वशिष्ठ (उम्र 41 वर्ष) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर चांपा लाकर न्यायालय में पेश किया गया और जेल भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, प्रधान आरक्षक विवेक सिंह, आरक्षक गौरीशंकर राय, आरक्षक माखन साहू एवं थाना चांपा के समस्त स्टाफ का विशेष और सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button