विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा में पूरे हों काम: जिला पंचायत सीईओ ने की ग्रामीण विकास योजनाओं की सघन समीक्षा

VB-G रामजी योजना में काम शुरू न होने पर जताई नाराजगी, अनुपस्थित तकनीकी सहायकों को थमाया नोटिस; पीएम आवास व स्वच्छता पर दिए कड़े निर्देश
जांजगीर-चांपा। 02 सितंबर 2026। जिला पंचायत सभाकक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में विकसित भारत–जी राम जी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) और एनआरएलएम सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के कार्यों की प्रगति जांची गई। सीईओ ने दो-टूक शब्दों में कहा कि सभी स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता और प्राथमिकता के साथ तय समय-सीमा में पूर्ण करें। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में दर्ज शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए गए।
काम शुरू न होने पर नाराजगी, अनुपस्थित तकनीकी सहायकों को शो-कॉज नोटिस
विकसित भारत–जी राम जी योजना की ग्राम पंचायतवार समीक्षा के दौरान मानव दिवस सृजन, मजदूरी भुगतान, मस्टर रोल, एनएमएमएस उपस्थिति, ई-केवाईसी और स्वीकृत कार्यों की वस्तुस्थिति की समीक्षा की गई। प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद भी जमीनी स्तर पर कार्य प्रारंभ नहीं होने पर सीईओ ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने अप्रारंभ कार्यों को तत्काल शुरू कराने और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, बैठक से बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने वाले तकनीकी सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
आवास निर्माण में लाएं तेजी, बैंक लिंकेज करें सुदृढ़
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा करते हुए सीईओ ने स्वीकृत, निर्माणाधीन व अपूर्ण आवासों, किस्त भुगतान और लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने अपूर्ण आवासों को तय समय में पूर्ण कराने, पात्र हितग्राहियों को समय पर सहायता राशि दिलाने तथा ए, बी और सी श्रेणी के लंबित प्रकरणों का जल्द निराकरण करने को कहा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) की समीक्षा में महिला स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने, परिवार समावेशन, लोकोस एंट्री, सीएलएफ कटऑफ एंट्री, वीआरएफ और बैंक क्रेडिट लिंकेज में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
पंचायतों को प्लास्टिक मुक्त बनाने और नियमित यूजर चार्ज वसूली पर जोर
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत शौचालय एवं ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की समीक्षा करते हुए ग्राम पंचायतों में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक घर से चार प्रकार के कचरे का पृथक्करण व संग्रहण (कलेक्शन), यूजर चार्ज की नियमित वसूली, खुले में कचरा फेंकने या जलाने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण लगाने को कहा गया।
बैठक में सहायक परियोजना अधिकारी एवं प्रभारी उप संचालक पंचायत बरनसिंह मंडावी सहित जिला एवं जनपद स्तर के विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




