सूने मकान का ताला तोड़कर बर्तन और नकदी चुराने वाला शातिर गिरफ्तार, बलौदा पुलिस ने भेजा रिमांड पर

तालाब नहाने गए ग्रामीण के घर को बनाया था निशाना; बिस्तर के नीचे से चोरी के बर्तन बरामद, अपराध क्रमांक 450/2026 दर्ज
🔴 जांजगीर चाम्पा। बलौदा सूने मकान का ताला चटकाकर रसोई के बर्तन और आलमारी से नकदी पार करने वाले आरोपी को थाना बलौदा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के बर्तन बरामद कर लिए हैं, जबकि चोरी की नकदी वह खर्च कर चुका था। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
नहाने गया था प्रार्थी, पीछे से सूने मकान में बोला धावा
घटना के संबंध में महामाया पारा, ग्राम हरदी महामाया निवासी प्रार्थी अनिल ने 9 सितंबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी के अनुसार वह दोपहर करीब 2:00 बजे अपने घर का दरवाजा बंद कर तालाब में नहाने गया था। जब वह घर लौटा, तो देखा कि रसोई में रखे सिल्वर के गंज, कढ़ाई, लोहे की कढ़ाई और आलमारी में रखी ₹3,200 की नकदी गायब थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 450/2026 के तहत धारा 331(3) एवं 305(ए) बीएनएस में जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया संदेही रामू वर्मा
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि ग्राम जर्वे हरदी निवासी रामू वर्मा (उम्र 33 वर्ष) को घटना के समय प्रार्थी के घर के आसपास संदिग्ध अवस्था में देखा गया था। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने सूने मकान में घुसकर रसोई से गंज, लोहे की कढ़ाई, थाली, कटोरी, चम्मच और आलमारी से नगदी चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया।
बिस्तर के नीचे छिपाए थे बर्तन, ₹7,000 का मशरूका जब्त
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने नकदी रकम खर्च कर दी है, जबकि चोरी किए गए बर्तनों को अपने घर में बिस्तर के नीचे छिपा रखा है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सिल्वर के बर्तन एवं लोहे की कढ़ाई सहित कुल करीब ₹7,000 मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवार, आरक्षक रज्जू रात्रे, संतोष रात्रे, संदीप सोनंत, प्रहलाद निर्मलकर और थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।




