मोदी के 25 साल: सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण का संदेश लेकर निकलेगी भाजपा, 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’

पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर माहभर चलेंगे विविध कार्यक्रम; भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडे ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी
🔴 जांजगीर-चांपा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। इसके तहत जांजगीर-चांपा जिले में सेवा, जनकल्याण, जनजागरूकता और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
25 वर्षों की सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाना लक्ष्य: हर्षिता पांडे
भाजपा जिला कार्यालय जांजगीर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश मंत्री श्रीमती हर्षिता पांडे ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण की गौरवशाली यात्रा को आमजन तक पहुंचाना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
माहभर चलेंगे ये प्रमुख नवाचारी कार्यक्रम
श्रीमती पांडे ने बताया कि एक माह तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत कार्यक्रमों की एक विस्तृत श्रृंखला तैयार की गई है। इसमें:
- ‘आशीर्वाद का दिया’
- ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’
- ‘नमो सेवा गाथा’
- ‘आंगन का उत्सव’
- ‘कहानी बदलाव की’
- ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’
- ‘सेवा ज्योति यात्रा’
- ‘सेवा मेरा योगदान’
- ‘जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसे विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ पर लगेंगे रक्तदान व स्वास्थ्य शिविर
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर होगी, जिसे ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान जिलेभर में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर जैसी जनहितैषी गतिविधियां आयोजित होंगी। इसके साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन और पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाई जाएगी।
सेवा को संस्कार और राष्ट्रनिर्माण को संकल्प बनाएं कार्यकर्ता
श्रीमती पांडे ने भाजपा कार्यकर्ताओं से इस अभियान को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह केवल कार्यक्रमों की औपचारिकता नहीं, बल्कि सेवा को संस्कार और राष्ट्रनिर्माण को संकल्प बनाने का सुअवसर है।
प्रेस वार्ता में अम्बेश जांगड़े, अमर सुल्तानिया, नंदनी रजवाड़े, पंकज अग्रवाल, आशुतोष गोस्वामी, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, रवि पाण्डेय, विकास शर्मा, राकेश रूपवानी सहित पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।




