जांजगीर चाम्पा: पुलिस की गाड़ियों पर पत्थर बरसाने वाले दो फरार आरोपी गिरफ्तार, होली की रात मचाया था उत्पात

होली पर्व पर मार्ग रोककर पुलिस वाहनों में की थी तोड़फोड़; मामले में अब तक कुल 7 आरोपी सलाखों के पीछे
जांजगीर-चांपा, 21 अप्रैल 2026: जांजगीर-चांपा जिले की नवागढ़ थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। इन आरोपियों ने होली पर्व के दौरान न केवल कानून-व्यवस्था को चुनौती दी थी, बल्कि शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ियों पर पथराव भी किया था।
क्या थी घटना?
घटना 4 मार्च 2026 की रात लगभग 2 बजे की है। नवागढ़ थाने की पेट्रोलिंग टीम ग्राम राछाभाटा से सेमरा-बूढ़ेना की ओर गश्त पर थी। ग्राम बूढ़ेना के पास कुछ उपद्रवियों ने मुख्य मार्ग पर लकड़ी और पत्थर रखकर रास्ता जाम कर दिया था। जब पुलिस पार्टी मार्ग से अवरोध हटा रही थी, तभी अंधेरे में छिपे हुए आरोपियों ने अचानक पुलिस के शासकीय वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में पुलिस की दोनों गाड़ियों के आगे और पीछे के शीशे पूरी तरह टूट गए थे।
05 आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
घटना के वक्त पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से 5 आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ा था, जिनमें अनीश यादव, साहिल यादव, राज कश्यप, सुखराम कश्यप और परमेश्वर यादव (सभी निवासी बूढ़ेना) शामिल थे। इन आरोपियों ने पत्थरबाजी और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुँचाने का जुर्म कबूल किया था, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था।
फरार आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में
इस मामले के दो आरोपी निलेश कुमार यादव (21 वर्ष) और कार्तिक कश्यप (20 वर्ष) घटना के बाद से ही फरार चल रहे थे। थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश सेंडे के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार इनकी तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों को उनके गृह ग्राम बूढ़ेना से धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेंडे और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस की इस मुस्तैदी से क्षेत्र के असामाजिक तत्वों में हड़कंप है।




