जाँजगीर -चाँपापॉलिटिक्स

कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर: जांजगीर-चांपा सहित संभागभर के ब्लॉक अध्यक्षों ने लिया प्रशिक्षण

बिलासपुर में 10 से 12 सितंबर तक चला तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण; डॉ. महंत, बघेल और सिंहदेव ने किया मार्गदर्शन

🔴 जांजगीर-चांपा । संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय व सशक्त करने के उद्देश्य से प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय संभाग स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न हो गया है। बिलासपुर के चावला ग्रीन्स होटल में 10 से 12 सितंबर तक आयोजित इस शिविर में जांजगीर-चांपा जिले सहित बिलासपुर संभाग के सभी जिलों के ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों ने भाग लेकर संगठन की रीति-नीति का सघन प्रशिक्षण प्राप्त किया।

दीपक बैज की मौजूदगी में हुआ आगाज

शिविर का संचालन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज एवं प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू की विशेष उपस्थिति में हुआ। प्रशिक्षण का मुख्य जिम्मा प्रदेश महामंत्री जुगल पांडे की अगुवाई वाली राज्य स्तरीय टीम ने संभाला। इस दौरान कांग्रेस सेवादल की टीम ने नियमित ध्वज वंदन और संगठनात्मक अनुशासन की व्यवस्था संभाली। शिविर में बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पदाधिकारी शामिल रहे।

दिग्गज नेताओं ने दी संगठनात्मक ट्रेनिंग

तीन दिनों तक चले विभिन्न सत्रों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और पार्टी की विचारधारा पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे और ताम्रध्वज साहू ने विभिन्न सत्रों को संबोधित किया। वहीं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत तीनों दिन शिविर में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों का निरंतर मार्गदर्शन किया और समापन अवसर पर सभी को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए।

जिले से इन पदाधिकारियों ने दर्ज कराई उपस्थिति

प्रशिक्षण शिविर में जांजगीर-चांपा जिले से ब्लॉक अध्यक्ष नवल सिंह ठाकुर, रामविलास राठौर, सुनील साधवानी, महेश्वर टंडन, सदन यादव, रविंद्र शर्मा, प्रकाश तिवारी, योगेंद्र प्रताप सिंह और जितेंद्र वर्मा शामिल रहे। इसके अलावा मास्टर ट्रेनर नागेंद्र गुप्ता, कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष देव कुमार पांडे और ब्लॉक अध्यक्ष अशोक यादव ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन समारोह में जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल और जिला महामंत्री शिशिर द्विवेदी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button