Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के मुख्य आतिथ्य में जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव का भव्य समापन

एग्रीटेक कृषि मेला 2026 से खुलेगी आत्मनिर्भरता और तकनीकी समृद्धि की नई राह:  गुरु खुशवंत साहेब

अतिथियों ने ‘जाज्वल्या 2026’ स्मारिका का किया विमोचन, कलाकारों और छात्रों का हुआ सम्मान

जांजगीर-चांपा।  जिले के ऐतिहासिक हाईस्कूल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 का शुक्रवार को गरिमामय समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब थे। इस अवसर पर उन्होंने आधुनिक तकनीक और लोक संस्कृति के संगम को ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प की आधारशिला बताया।

कृषि तकनीक से बढ़ेगी किसानों की आय

समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि जांजगीर-चांपा कृषि के क्षेत्र में एक समृद्ध जिला है। यहाँ आयोजित एग्रीटेक मेला नवाचार का केंद्र बना है, जहाँ ड्रोन तकनीक और आधुनिक उपकरणों के माध्यम से खेती की नई पहचान तैयार हो रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन तकनीकों के उपयोग से किसानों की आय में वृद्धि होगी और युवा ‘एग्री-उद्यमी’ बनने की दिशा में प्रेरित होंगे।

एआई और कौशल विकास पर जोर

मंत्री श्री साहेब ने मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सरकार अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीक अनिवार्य हो गई है। युवाओं को इन क्षेत्रों में हुनरमंद बनाकर ही हम विकसित प्रदेश का निर्माण कर सकते हैं।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

समापन अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं और स्थानीय कलाकारों द्वारा पंथी नृत्य एवं मल्लखंभ की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। अतिथियों ने कलाकारों को सम्मानित किया और महोत्सव की यादों को संजोने वाली ‘जाज्वल्या 2026’ स्मारिका का विमोचन किया।

विशिष्ट जनों की उपस्थिति

कार्यक्रम में विधायक  ब्यास कश्यप, पूर्व नेता प्रतिपक्ष  नारायण चंदेल, खनिज विकास निगम अध्यक्ष  सौरभ सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढे़वाल, पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले,  गुहाराम अजगल्ले सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। प्रशासनिक स्तर पर कलेक्टर  जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक  विजय कुमार पांडेय और जिला पंचायत सीईओ  गोकुल रावटे सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button