जिले में जनगणना के प्रथम चरण की शुरुआत, मकान सूचीकरण कार्य प्रारंभ

घर-घर सर्वे कर जुटाई जाएगी मकानों और परिवारों की विस्तृत जानकारी
जांजगीर-चांपा, 1 मई 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में आज 1 मई से भारत की आगामी जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इस चरण में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर सर्वेक्षण कर मकानों एवं परिवारों से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी।
डिजिटल माध्यम से होगा सर्वे कार्य
इस प्रक्रिया के तहत प्रगणक प्रत्येक मकान का सर्वे करते हुए भवन की स्थिति, निर्माण सामग्री, उपयोग (आवासीय/व्यावसायिक), कमरों की संख्या तथा पेयजल, शौचालय, बिजली, गैस जैसी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी दर्ज करेंगे। इस बार जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं आधुनिक बनाने के लिए डिजिटल माध्यम का उपयोग किया जा रहा है।
पहला चरण अहम, नागरिकों से सहयोग की अपील
कलेक्टर श्री महोबे ने बताया कि जनगणना का यह प्रथम चरण अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी आधार पर आगामी वर्ष जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें।
समयबद्ध और त्रुटिरहित कार्य के निर्देश
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मकान सूचीकरण कार्य समयबद्ध, त्रुटिरहित एवं पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही सभी प्रगणकों को निर्धारित प्रारूप एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सतत मॉनिटरिंग से सुनिश्चित होगी गुणवत्ता
जिला प्रशासन द्वारा सर्वे कार्य की सतत मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करते हुए जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके।



