नवा रायपुर में 100 एकड़ में बनेगी 5 हजार बिस्तरों की मेडिसिटी, चौथे कैंसर कॉन्क्लेव में बोले सीएम विष्णु देव साय— कैंसर से जंग में मरीज का संबल जरूरी

‘Restoring Balance to Cancer Care’ थीम पर 200 से अधिक राष्ट्रीय व 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ जुटे, मुख्यमंत्री ने सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन परियोजना का किया शुभारंभ
🔴 आज की बात News |रायपुर। कैंसर के विरुद्ध लड़ाई केवल चिकित्सकीय उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीज को यह भरोसा दिलाना भी उतना ही आवश्यक है कि इस कठिन लड़ाई में वह अकेला नहीं है। चिकित्सकों का संवेदनशील व्यवहार और परिवार व समाज का भावनात्मक सहयोग मरीज के भीतर बीमारी से लड़ने का हौसला बढ़ाता है। यह बात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर स्थित मेफेयर में बालको मेडिकल सेंटर (BMC) द्वारा आयोजित चौथे ‘बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026’ का शुभारंभ करते हुए कही।
नवा रायपुर में आकार ले रही 5 हजार बिस्तरों की मेडिसिटी

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को आधुनिक चिकित्सा सेवाओं का हब बनाने के लिए नवा रायपुर में 100 एकड़ में 5,000 बिस्तरों की विशाल मेडिसिटी विकसित की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के समय प्रदेश में मात्र 1 मेडिकल कॉलेज था, जो आज बढ़कर 15 हो चुके हैं और 5 नए मेडिकल कॉलेज खोलने पर काम चल रहा है।
इलाज में आड़े नहीं आएगी आर्थिक तंगी: 25 लाख तक सहायता
मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को 5 लाख रुपये तक और ‘मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना’ के तहत गंभीर बीमारियों के उपचार हेतु 25 लाख रुपये तक की वित्तीय मदद उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत करीब 34 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें से 40 हजार मरीजों की पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ा गया है।
कैंसर मरीजों का बनेगा डेटाबेस, HPV टीकाकरण मिशन मोड में: स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कार्यक्रम में कहा कि कैंसर की समय पर पहचान के लिए प्रदेश में इसे ‘नोटिफाई’ करने का निर्णय लिया गया है, जिससे मरीजों का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार होगा। इसके अलावा महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान को मिशन मोड पर चलाया जाएगा। बालको मेडिकल सेंटर और स्वास्थ्य विभाग अब तक प्रदेश में 500 से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर चुके हैं।

200 राष्ट्रीय और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ कर रहे मंथन
‘Restoring Balance to Cancer Care’ थीम पर आयोजित इस कॉन्क्लेव में 200 से अधिक राष्ट्रीय और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। इस वर्ष विशेष रूप से स्त्री रोग संबंधी (गायनेकोलॉजिकल) और प्रोस्टेट कैंसर पर गहन मंथन हो रहा है। शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने कैंसर जांच व आधुनिक तकनीकों के स्टॉलों का जायजा लिया और ‘सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन परियोजना’ का औपचारिक शुभारंभ किया।
समारोह में बालको मेडिकल सेंटर की डायरेक्टर डॉ. भावना सिरोही, रायपुर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विवेक चौधरी, ई-कैंसर प्रतिनिधि डॉ. सुज़ाना स्टेनवे, वाइस एडमिरल आरती सरीन सहित देश-विदेश के कई विशेषज्ञ चिकित्सक व शोधकर्ता मौजूद रहे।




