मजदूरों के बीच पहुंचे जिला पंचायत CEO: रसेड़ा में खुद NMMS ऐप से लगाई हाजिरी, तालाब निर्माण व बालिका शौचालय का लिया जायजा

सीईओ विनय कुमार पोयाम ने अकलतरा जनपद के निर्माण कार्यों का किया औचक निरीक्षण; पारदर्शी डिजिटल उपस्थिति पर दिया जोर

🔴 जांजगीर-चांपा। ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण को बढ़ावा देने, उपयोगी परिसंपत्तियों के निर्माण और स्थानीय श्रमिकों को सीधे रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) विनय कुमार पोयाम ने अकलतरा जनपद पंचायत क्षेत्र का सघन दौरा किया। उन्होंने ग्राम पंचायत रसेड़ा में चल रहे नवीन तालाब निर्माण कार्य तथा ग्राम पंचायत अर्जुनी में निर्माणाधीन बालिका शौचालय का जमीनी स्तर पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीईओ ने कार्यस्थल पर नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम (NMMS) ऐप के जरिए श्रमिकों की डिजिटल उपस्थिति का जायजा लिया और खुद ऐप के माध्यम से मजदूरों की हाजिरी दर्ज कराई।
डिजिटल उपस्थिति से पारदर्शिता सुनिश्चित, ग्रामीणों को मिला रोजगार
निरीक्षण के दौरान सीईओ विनय कुमार पोयाम ने कार्यस्थल पर चल रही गतिविधियों की गुणवत्ता और प्रगति को देखा। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से उपस्थिति दर्ज करने की यह व्यवस्था कार्यस्थल पर पूरी पारदर्शिता बनाए रखने और फर्जीवाड़े को रोकने में बेहद अहम भूमिका निभाती है। रसेड़ा में बन रहा यह नवीन तालाब भविष्य में भूजल स्तर को बढ़ाने, कृषि संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति और ग्रामीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा। साथ ही इससे गांव के परिवारों को उनके घर के पास ही निरंतर रोजगार मिल रहा है।
अर्जुनी में बालिका शौचालय निर्माण की गति तेज करने के निर्देश

इसके बाद जिला पंचायत सीईओ अर्जुनी पहुंचे, जहां उन्होंने विकसित भारत योजना के तहत बन रहे बालिका शौचालय की निर्माण प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग करते हुए कार्य को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस शौचालय के तैयार होने से बालिकाओं को स्वच्छ, सुविधाजनक और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा, जो स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक है।
इस निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत सीईओ शैलेश भगत, प्रभारी सहायक परियोजना अधिकारी गौरव शुक्ला, पीओ एल.पी. राठौर, ग्राम पंचायत सरपंच, रोजगार सहायक और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।




