Chhattisgarhपॉलिटिक्स

लोकतंत्र को सबसे बड़ा खतरा कांग्रेस और इंडी गठबंधन की दोहरी राजनीति से : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के लिए रवाना होने से पूर्व बोले सीएम; आपातकाल और अनुच्छेद 356 के दुरुपयोग की दिलाई याद

🔴 रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस और विपक्षी इंडी गठबंधन पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा है कि देश के लोकतंत्र को सबसे बड़ा खतरा उन लोगों से है, जिन्होंने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए बार-बार लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्थाओं को कमजोर किया। जशपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने के लिए रवाना होने से पूर्व पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा, विपक्षी नेताओं को जेलों में डाला और प्रेस की स्वतंत्रता छीनी, आज वही कांग्रेस लोकतंत्र बचाने की बात कर रही है। यह अपने आप में बेहद हास्यास्पद और कांग्रेस की दोहरी राजनीति का परिचायक है।

संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना कांग्रेस की हताशा

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनादेश के प्रति उसके असली चेहरे को उजागर करता है। कांग्रेस ने कई बार संविधान के अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग कर जनता द्वारा चुनी गई गैर-कांग्रेसी सरकारों को गिराने का काम किया। आज वही दल लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं, जो राजनीतिक अवसरवादिता की पराकाष्ठा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेता चुनावी पराजय स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर ठीकरा फोड़ते हैं। कभी वोट चोरी का आरोप लगाते हैं, कभी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पर प्रश्नचिह्न लगाते हैं, तो कभी ईवीएम और निर्वाचन आयोग को कटघरे में खड़ा करते हैं। जब परिणाम उनके पक्ष में आते हैं, तब उन्हें भरोसा होता है, लेकिन हारते ही दोष मढ़ने लगते हैं। इसी दोहरे रवैये से जनता को जागरूक करने के लिए पदयात्रा निकाली जा रही है।

महादेव सट्टा ऐप: सौरभ चंद्राकर से CBI पूछताछ में सामने आएंगे बड़े नाम

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि इस प्रकरण के मुख्य अभियुक्त सौरभ चंद्राकर को विदेश से लाया गया है। अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) उससे पूछताछ करेगी, जिससे इस पूरे अवैध नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य और बड़े नाम सामने आ सकते हैं। जांच के दौरान अवैध कारोबार से जुड़े अन्य प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता भी उजागर होगी।

अमित जोगी के बयान पर मुख्यमंत्री का पलटवार

अमित जोगी द्वारा सौरभ चंद्राकर को कथित तौर पर ‘हीरो’ बताए जाने संबंधी बयान पर मुख्यमंत्री साय ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान संबंधित नेताओं की तुच्छ सोच और विकृत मानसिकता को स्वयं उजागर करते हैं। ऐसे व्यक्ति को हीरो बताने के पीछे किस तरह की मानसिकता काम कर रही है, इसका आकलन छत्तीसगढ़ की जनता भली-भांति कर सकती है।

Related Articles

Back to top button