केशकाल क्षेत्र के 185 गांवों के 52 हजार उपभोक्ताओं को बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 35 करोड़ की लागत से निर्मित 132/33 केवी उपकेंद्र का किया लोकार्पण


ग्राम पंचायत जामगांव में तैयार हुआ नया विद्युत उपकेंद्र
चट्टानों, ईंधन संकट और भारी बारिश जैसी चुनौतियों को पार कर पूरा हुआ निर्माण, लो-वोल्टेज की समस्या से मिलेगी राहत।
रायपुर। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और निर्माण संबंधी चुनौतियों को पार कर तैयार किए गए 132/33 केवी उपकेंद्र केशकाल का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकार्पण किया। ग्राम पंचायत जामगांव में 35 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस उपकेंद्र से केशकाल क्षेत्र के 185 गांवों के लगभग 52 हजार बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी की पूंजी निवेश योजना के अंतर्गत स्वीकृत इस उपकेंद्र की आवश्यकता क्षेत्र में बढ़ती आबादी, विकास गतिविधियों और कृषि विस्तार को देखते हुए महसूस की जा रही थी। कम वोल्टेज और अनियमित विद्युत आपूर्ति की समस्या के समाधान के लिए वनभूमि डायवर्जन की प्रक्रिया पूरी कर भारत सरकार से दिसंबर 2024 में निर्माण की अनुमति ली गई और 17 अप्रैल 2025 को इसका भूमिपूजन किया गया।
चट्टानों और बारिश की बाधाएं पार कर डेढ़ माह में बिछाई लाइन
निर्माण स्थल पर बड़ी-बड़ी चट्टानें मिलने से काम में कठिनाई आई, जिन्हें प्रशासन के सहयोग से रासायनिक विस्फोटकों और भारी मशीनों की मदद से हटाया गया। इसके अलावा ईंधन संकट, भारी बारिश और ट्रांसफार्मर आपूर्ति में विलंब जैसी बाधाएं भी सामने आईं। कंपनी ने दूसरे उपकेंद्र के लिए स्वीकृत ट्रांसफार्मर को यहां स्थापित कर परियोजना को समय पर पूरा किया। साथ ही 132 केवी की लाइन और कोंडागांव-कांकेर लाइन को लीलो कर 0.3 किलोमीटर मल्टी सर्किट लाइन का कार्य महज डेढ़ माह में पूरा किया गया। 13 नवंबर 2026 को कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला की उपस्थिति में उपकेंद्र का सफल परीक्षण कर इसे ऊर्जीकृत किया गया।

आठ प्रमुख क्षेत्रों के 185 गांवों की सुधरेगी बिजली व्यवस्था
इस नए उपकेंद्र से केशकाल, बटराली, विश्रामपुरी, बांसकोट, अडेंगा, बड़ेराजपुर, गरका और धनोरा सहित आसपास के क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। यहां से विभिन्न 33 केवी उपकेंद्रों के माध्यम से 185 गांवों के करीब 52 हजार उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाएगी, जिससे लो-वोल्टेज की समस्या समाप्त होगी और आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार आएगा। लोकार्पण समारोह में जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के हितग्राहियों ने इस विद्युत अधोसंरचना के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।



