छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

जनगणना कार्य को गंभीरता से लें अधिकारी-कर्मचारी — कलेक्टर  जन्मेजय महोबे

जनगणना 2027 के प्रथम चरण हेतु दो दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ

जांजगीर-चांपा। आगामी जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के सुचारु एवं सफल संचालन के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण जिला पंचायत सभाकक्ष में प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण में बताया गया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण में हाउस लिस्टिंग के माध्यम से प्रत्येक मकान का सूचीकरण किया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना के अंतर्गत प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित जनसांख्यिकीय जानकारी संकलित की जाएगी।

कलेक्टर श्री महोबे ने जनगणना कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसे पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित कार्मिक निर्धारित प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से भाग लें तथा प्रक्रियाओं को भली-भांति समझकर ही मैदानी कार्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना के आंकड़ों के आधार पर विकास योजनाओं का निर्माण किया जाता है, इसलिए यह कार्य अत्यंत संवेदनशील है।

कलेक्टर ने बताया कि जनगणना की समस्त प्रक्रिया मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप में संपन्न की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आम नागरिकों को सही एवं सटीक जानकारी देने के लिए जागरूक करें, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि या भ्रामक सूचना से बचा जा सके।

प्रशिक्षण सत्र में मास्टर ट्रेनर एवं द्वारा जनगणना 2027 में पदस्थ अधिकारियों की भूमिका, दायित्वों एवं कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही जनशक्ति एवं प्रचार गतिविधियाँ, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों की नियुक्ति, डेटा की गोपनीयता एवं सुरक्षा, मोबाइल एवं वेब ऐप से जुड़ी प्रक्रियाएँ, समय-सीमा तथा स्व-गणना प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला गया।

प्रशिक्षण में एचएलओ प्रश्न 1 से 34 का अवलोकन, सीएमएमएस मॉड्यूल का परिचय, उपयोगकर्ता पंजीकरण एवं एचएलओ प्रबंधन से संबंधित बिंदुओं पर भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी , अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, तहसील एवं नगरीय जनगणना चार्ज अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button