शर्मनाक: शराब के लिए मां से की मारपीट, अकलतरा पुलिस ने कलयुगी बेटे को भेजा जेल

जांजगीर चाम्पा। शराब की लत रिश्तों पर कितनी भारी पड़ती है, इसका एक ताजा मामला अकलतरा थाना क्षेत्र से सामने आया है। अपनी ही मां के साथ मारपीट कर शराब के लिए पैसे मांगने वाले आरोपी बेटे को अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी जितेन्द्र कुमार खाण्डे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भाई सुधीर कुमार खाण्डे उर्फ शीतल प्रसाद खाण्डे अक्सर शराब पीने के लिए घर में पैसों की मांग करता है। पैसे न मिलने या विरोध करने पर वह गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो जाता है।
पैसे नहीं देने पर मां को पीटा
बीती 17 मार्च 2026 की रात करीब 11 बजे आरोपी सुधीर ने अपनी मां से शराब के लिए पैसे मांगे। जब मां ने पैसे देने से मना किया, तो आरोपी आपा खो बैठा। उसने मां को गंदी-गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और उनके साथ बेदर्दी से मारपीट की। हमले में वृद्ध मां को गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
प्रार्थी की रिपोर्ट पर अकलतरा पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 148/2026 पंजीबद्ध किया। थाना प्रभारी भास्कर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी सुधीर कुमार खाण्डे को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
इन धाराओं में हुई कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 119(1), 296, 351(3), और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भास्कर शर्मा, एएसआई प्रतिभा राठौर, प्रधान आरक्षक अनिल हंसराज, आरक्षक जितेश राजपूत और जयनाथ दुग्गा का विशेष योगदान रहा।




