जाँजगीर -चाँपा

16 दिन पहले मंडप में जिसे ‘नशेड़ी’ कहकर छोड़ा, उसी संत कुमार संग मुस्कान ने रचाया ब्याह!

जांजगीर-चांपा में 23 जून को जिस दुल्हन ने मंडप से बारात लौटाकर सुर्खियां बटोरी थीं, उसने अब उसी दूल्हे के साथ मंदिर में सात फेरे ले लिए हैं। जानिए इस ‘लव-ट्विस्ट’ के पीछे की पूरी कहानी।

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से सोशल मीडिया पर वायरल हुई ‘बहादुर दुल्हन’ की कहानी में एक ऐसा मोड़ आया है, जिसने सबको हैरान कर दिया है। 16 दिन पहले जिस मुस्कान ने दूल्हे के नशे में होने का आरोप लगाकर शादी तोड़ दी थी, उसी मुस्कान ने गुरुवार को उसी दूल्हे संत कुमार के नाम का सिंदूर अपनी मांग में भर लिया है। दोनों ने खोखरा के मनका दाई मंदिर में चुपचाप शादी रचा ली।

फोन पर हुई बात और दूर हो गई ‘गलतफहमी’
मंडप में शादी टूटने और हंगामे के बाद भी मुस्कान और संत कुमार के बीच बातचीत बंद नहीं हुई थी। दोनों लगातार फोन पर संपर्क में थे। बातचीत के दौरान शादी वाले दिन हुए ड्रामे को लेकर चर्चा हुई और दोनों को अहसास हुआ कि उनके बीच गलतफहमी पैदा की गई थी। इसके बाद दोनों ने पुरानी बातें भुलाकर एक-दूसरे का हाथ थामने का फैसला किया।

दूल्हे का बड़ा दावा: कोल्ड ड्रिंक में मिलाया गया था नशीला पदार्थ
दूल्हे संत कुमार ने अपनी सफाई में कहा कि वह कभी शराब नहीं पीते। शादी वाले दिन किसी ने साजिश के तहत उनकी कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया था, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और लोगों को लगा कि वह नशे में हैं। सच सामने आने के बाद मुस्कान ने उनसे माफी मांगी और दोनों फिर से एक हो गए।


काउंसलिंग सेंटर से सीधे दूल्हे के गांव पहुंची दुल्हन
आपको बता दें कि शादी तोड़ने के साहस को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मुस्कान को जिला परिवार परामर्श केंद्र (Family Counseling Centre) में सदस्य बनाया था। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे मुस्कान परामर्श केंद्र से ड्यूटी कर निकलीं और परिजनों को बिना बताए सीधे संत कुमार के गांव खोखरा पहुंच गईं। वहां दोनों परिवारों के कुछ खास लोगों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शादी संपन्न हुई। मुस्कान के घर न पहुंचने और मोबाइल स्विच ऑफ होने पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। सीएसपी योगिता बाली खापर्डे ने बताया कि साइबर टीम की मदद से जब लोकेशन ट्रेस की गई, तब पता चला कि मुस्कान सुरक्षित है और खोखरा मंदिर में संत कुमार संग शादी कर चुकी है।

23 जून को क्या हुआ था?
बीती 23 जून को कोसमंदा गांव में शादी के दौरान दुल्हन मुस्कान ने दूल्हे संत कुमार को नशे में धुत देखकर शादी से इनकार कर दिया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था और मुस्कान को ‘विमेन एम्पावरमेंट’ का चेहरा मानकर हर तरफ उसकी तारीफ हो रही थी। लेकिन अब इस ‘हैप्पी एंडिंग’ ने लोगों को हैरान कर दिया है।

Related Articles

Back to top button