जाँजगीर -चाँपा

पामगढ़: डोंगरकोहरौद सड़क निर्माण को ₹6.05 करोड़ की मंजूरी, 4.337 किमी सड़क बनेगी

लोक निर्माण विभाग ने पामगढ़-लाहौद मार्ग से डोंगरकोहरौद बस्ती तक 4.337 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए ₹605.09 लाख की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की। यह स्वीकृति ग्रामीणों के आमरण अनशन के बाद मिली।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चाम्पा

पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डोंगरकोहरौद तक सड़क निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग ने ₹605.09 लाख (6 करोड़ 5 लाख 9 हजार रुपये) की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी है। इस राशि से पामगढ़-लाहौद मार्ग से डोंगरकोहरौद बस्ती तक 4.337 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। मंत्रालय महानदी भवन से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किए गए हैं।

आमरण अनशन के बाद मिली मंजूरी

ग्रामीण लंबे समय से खराब सड़क, जलभराव और कीचड़ की समस्या से जूझ रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों ने आमरण अनशन शुरू किया। आंदोलन को पामगढ़ की कांग्रेस विधायक शेषराज हरबंश का समर्थन मिला। विधायक ने अनशन स्थल पर पहुंचकर सड़क निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया।

शासकीय आदेश में तय की गईं प्रमुख शर्तें

जारी आदेश के अनुसार वित्त विभाग की सहमति के बाद कार्य को मंजूरी दी गई है। तकनीकी स्वीकृति तथा कम से कम 90 प्रतिशत बाधा रहित भूमि उपलब्ध होने के बाद ही निविदा आमंत्रित की जाएगी। कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करना होगा तथा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई का प्रावधान रखा गया है।

अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्र को मिलेगा लाभ

यह सड़क निर्माण कार्य “अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण” योजना के अंतर्गत किया जाएगा। सड़क बनने से डोंगरकोहरौद बस्ती का मुख्य मार्ग से संपर्क बेहतर होगा और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

“यह जीत क्षेत्र की उस देवतुल्य जनता की जीत है जिसने अपने हक के लिए विपरीत परिस्थितियों में आमरण अनशन किया। जनता के हित के हर कार्य के लिए मैं हमेशा उनके साथ खड़ी हूँ।”

10025787455955701000489564463

शेषराज हरबंश, विधायक, पामगढ़

Related Articles

Back to top button