Chhattisgarh

पंडरिया में विकास को रफ्तार: ₹8.03 करोड़ की स्वीकृति, नगरीय-ग्रामीण क्षेत्रों में होंगे बड़े काम, विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से अधोसंरचना, स्वच्छता और पंचायत भवन निर्माण को मिली मंजूरी

कवर्धा। पंडरिया विधानसभा में विकास कार्यों को नई गति मिली है। विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न परियोजनाओं के लिए ₹8 करोड़ 3 लाख 67 हजार की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस राशि से अधोसंरचना निर्माण, स्वच्छता व्यवस्था और जल प्रबंधन से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।

स्वच्छता और जल प्रबंधन पर बड़ा फोकस
नगर पंचायत पांडातराई में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी-2.0) के तहत इंटरसेप्शन एवं डायवर्सन ड्रेन सहित एसटीपी निर्माण के लिए ₹3.06 करोड़ की स्वीकृति मिली है। इससे गंदे पानी के प्रबंधन, जलभराव की समस्या और पर्यावरण संरक्षण में सुधार होगा।

नगरीय क्षेत्रों में बढ़ेंगी सुविधाएं
नगर पालिका पंडरिया तथा नगर पंचायत इंदौरी और पांडातराई में अधोसंरचना मद और राज्य प्रवर्तित योजना के तहत ₹3.36 करोड़ की मंजूरी दी गई है। इसके अंतर्गत दुकानों का निर्माण, मांगलिक भवन और मुक्तिधाम उन्नयन जैसे कार्य किए जाएंगे।

ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत भवन निर्माण
पंडरिया विधानसभा के 8 ग्राम पंचायतों में नए पंचायत भवनों के निर्माण के लिए ₹1.60 करोड़ की स्वीकृति मिली है। यह कदम ग्रामीण प्रशासन को मजबूत करने और जनसुविधाओं के विस्तार में सहायक होगा।

विधायक ने जताया आभार
विधायक भावना बोहरा ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।

विकास के नए आयाम स्थापित
विधायक बोहरा ने कहा कि पंडरिया में नगरीय और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में लगातार विकास हो रहा है। पंचायतों को सशक्त बनाने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button