विधानसभा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डॉ. रमन सिंह ने लगाया रुद्राक्ष का पौधा

पावस सत्र के दौरान सभी विधायकों ने अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाए, पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का दिया संदेश।
🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर
छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र के दौरान मंगलवार को विधानसभा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप सहित विधानसभा के सभी सदस्यों ने अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण, मातृ सम्मान और हरित भविष्य के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर रुद्राक्ष का पौधा लगाया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अभियान के लिए बनाए गए विशेष सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें भी खिंचवाईं तथा प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ बना जनआंदोलन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान आज पूरे देश में जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। यह केवल पौधारोपण का अभियान नहीं, बल्कि मां के प्रति कृतज्ञता, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और आने वाली पीढ़ियों के प्रति उत्तरदायित्व का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति अपनी मां के नाम पर पौधा लगाता है, तो उस पौधे के साथ उसका भावनात्मक जुड़ाव भी बनता है। यही भावना लोगों को पौधों के संरक्षण के लिए प्रेरित करती है और अभियान को स्थायी एवं जनभागीदारी आधारित बनाती है।
विधानसभा से पूरे प्रदेश को मिला संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा परिसर में विधायकों द्वारा अपनी माताओं के नाम पर पौधारोपण किया जाना प्रेरणादायी पहल है। उन्होंने इस आयोजन के लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल प्रदेशभर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई जागरूकता पैदा करेगी और वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जलवायु परिवर्तन से निपटने का प्रभावी माध्यम
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरा विश्व जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग, अनियमित वर्षा, बढ़ते तापमान और जैव विविधता के क्षरण जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में वृक्षारोपण मानव जीवन, प्राकृतिक संसाधनों और भविष्य की पीढ़ियों की सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के संतुलन का आधार हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाना चाहिए और उसकी देखभाल परिवार के सदस्य की तरह आत्मीयता से करनी चाहिए।
पर्यावरण संरक्षण सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के साथ-साथ वन संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि, जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और जनभागीदारी आधारित पर्यावरणीय अभियानों को निरंतर बढ़ावा दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान प्रदेश के गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचकर प्रकृति संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देगा।
वरिष्ठ अधिकारी भी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विधानसभा के सभी सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रमुख सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण पाण्डेय सहित वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




