कृषि\किसानजाँजगीर -चाँपा

जांजगीर-चांपा में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3943 बोरी खाद जब्त

तीन टीमों ने अलग-अलग कृषि केंद्रों में की जांच, अनियमितता मिलने पर खाद जब्त, गोदाम सील और विक्रय पर प्रतिबंध की कार्रवाई।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने और उर्वरक वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग ने शनिवार को जिले में बड़ी कार्रवाई की। उप संचालक कृषि श्री राकेश शर्मा के नेतृत्व में गठित तीन टीमों ने विभिन्न निजी कृषि केंद्रों का निरीक्षण कर कुल 3943 बोरी उर्वरक जब्त किया। साथ ही कई स्थानों पर गोदाम सील कर विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया।

विवेक ट्रेडर्स में मिली बड़ी गड़बड़ी

कृषि विभाग को प्राप्त शिकायत के आधार पर बम्हनीडीह स्थित विवेक ट्रेडर्स का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पॉस मशीन में दर्ज उर्वरक की मात्रा और गोदाम में उपलब्ध स्टॉक का मिलान नहीं पाया गया। निरीक्षण में 1786 बोरी यूरिया, 300 बोरी टीएसपी, 300 बोरी सिंगल सुपर फॉस्फेट तथा 105 बोरी एनपीके सहित कुल 2491 बोरी उर्वरक में अनियमितता सामने आई। इसके बाद उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश 1985 के तहत खाद जब्त करने की कार्रवाई की गई।

खरौद में 616 बोरी खाद जब्त, गोदाम सील

पामगढ़ विकासखंड के खरौद स्थित प्रकाश कृषि केंद्र में किसान की शिकायत पर जांच की गई। यहां बिना पॉस प्रणाली के अवैध रूप से भंडारित 616 बोरी उर्वरक पाया गया। कृषि विभाग ने तत्काल खाद जब्त करते हुए विक्रय पर प्रतिबंध लगाया और गोदाम को सील कर दिया।

सिलादेही में भी कार्रवाई

बम्हनीडीह विकासखंड के ग्राम सिलादेही स्थित मेसर्स रामगोपाल साहू कृषि केंद्र के आकस्मिक निरीक्षण में भी अनियमितताएं सामने आईं। जांच के दौरान गोदाम में भंडारित 836 बोरी उर्वरक का रिकॉर्ड संधारित नहीं पाया गया। साथ ही पॉस मशीन से मिलान नहीं होने और सही तरीके से बिल जारी नहीं करने की शिकायत भी सही पाई गई। इन अनियमितताओं के चलते संबंधित केंद्र पर विक्रय प्रतिबंध की कार्रवाई की गई।

अनियमितता पर होगी सख्त कार्रवाई : उप संचालक

उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने कहा कि जिले में खाद वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। किसानों को शासकीय दर पर समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए अभियान जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध इसी तरह कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button