Chhattisgarh

जांजगीर: मनरेगा में बदलाव के विरोध में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन

कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान पुलिस से झड़प

जांजगीर-चांपा। मनरेगा में प्रस्तावित बदलावों के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस ने जिला मुख्यालय में बड़ा प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और प्रदेश सह-प्रभारी विजय जांगिड़ की अगुवाई में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प भी हुई। रैली की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेसी कार्यकर्ता काफी आक्रामक नजर आए। कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा लगाया गया पहला सुरक्षा घेरा तोड़ दिया और कार्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंच गए। वहां लगाए गए टीन शेड के गेट को हटाने की कोशिश के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई, जिससे कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

मजदूरों के हित में नहीं है फैसला: महंत

img com 2026021718321731023528019190602884007

सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार मनरेगा के नियमों में बदलाव कर मजदूरों का हक छीनना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां किसान और मजदूर विरोधी हैं। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इन बदलावों को वापस नहीं लिया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

इस प्रदर्शन में जांजगीर-चांपा के विधायक व्यास कश्यप, अकलतरा विधायक राघवेन्द्र सिंह, पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश और जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी शामिल हुए। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया था। कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर विरोध दर्ज कराया गया।

img com 2026021718321713807135916449914082774

Related Articles

Back to top button