जांजगीर-चांपा में आईपीएल सट्टेबाजी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, ऑनलाइन सट्टा लगाते युवक गिरफ्तार

चांपा और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई, मोबाइल और 46 हजार से अधिक नकदी जब्त
जांजगीर-चांपा। आईपीएल क्रिकेट मैच में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चांपा पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और 46 हजार 270 रुपए नगद जब्त किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 07 के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में की गई।
आईपीएल मैच पर लग रहा था हार-जीत का दांव
पुलिस को 24 मई की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि चांपा क्षेत्र के मंझली तालाब के पास एक युवक आईपीएल मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले जा रहे मुकाबले में हार-जीत पर रुपए का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है।
सूचना मिलते ही थाना चांपा पुलिस और साइबर टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
मोबाइल जांच में मिले सट्टेबाजी के सबूत
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संदीप यादव (27 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक-26, मंझली तालाब के पास, थाना चांपा बताया। जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन में आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाए जाने के प्रमाण मिले।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और 46 हजार 270 रुपए नकद जब्त किए। इसके बाद थाना चांपा में अपराध क्रमांक 262/26 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, साइबर थाना प्रभारी सागर पाठक, एएसआई विवेक सिंह, आरक्षक गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, मोहम्मद शहबाज सहित थाना चांपा और साइबर टीम की सराहनीय भूमिका रही।




