जाँजगीर -चाँपा

जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया ध्वजारोहण, ली परेड की सलामी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के संदेश का हुआ वाचन
परेड, झांकी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को किया गया सम्मानित

जांजगीर-चांपा। जिले में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय जांजगीर स्थित हाई स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वित्त, वाणिज्य कर, आवास एवं पर्यावरण योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण के उपरांत हर्ष फायर किया गया तथा शांति एवं उल्लास के प्रतीक गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा प्रदेशवासियों के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया।


स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व शहीदों के परिजन हुए सम्मानित
मुख्य अतिथि श्री ओ.पी. चौधरी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।


परेड प्रतियोगिता में जिला पुलिस बल अव्वल
परेड सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल को प्रथम, जिला महिला पुलिस बल को द्वितीय एवं सीएएफ 11वीं बटालियन भारत रक्षित को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। जूनियर वर्ग में एनसीसी ट नंबर 325 बालक (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 जांजगीर) ने प्रथम, एनसीसी ट्रूप नंबर 325 बालिका ने द्वितीय तथा एनसीसी ज्ञानदीप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।


सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मनका पब्लिक स्कूल प्रथम
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मनका पब्लिक स्कूल चांपा को प्रथम, ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बनारी को द्वितीय एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय ससहा को तृतीय स्थान प्रदान किया गया।


पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की झांकी रही सर्वश्रेष्ठ
विभिन्न विभागों द्वारा विकास कार्यों की झलक प्रस्तुत करने वाली झांकियों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को प्रथम स्थान मिला। पुलिस विभाग को द्वितीय तथा कृषि एवं उद्यानिकी विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।


शहीद स्मारक में अर्पित की श्रद्धांजलि
गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि श्री ओ.पी. चौधरी ने कचहरी चौक स्थित शहीद स्मारक में पहुंचकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया।

Related Articles

Back to top button