बिलासपुर

भीषण गर्मी और गरम बियर का टॉर्चर! बिलासपुर के भटचौरा में आबकारी विभाग की बड़ी लापरवाही, उपभोक्ता परेशान।

बिलासपुर/मस्तूरी। बिलासपुर जिले के मस्तूरी विकासखंड अंतर्गत भटचौरा और पचपेड़ी स्थित शासकीय विदेशी मदिरा दुकानों में इन दिनों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के इस दौर में जहाँ लोग ‘चिल्ड’ (ठंडी) बियर की उम्मीद में दुकान पहुँच रहे हैं, वहीं उन्हें गरम बियर थमाई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि सुविधा न होने के बावजूद ग्राहकों से पैसे पूरे वसूले जा रहे हैं, जिसे लेकर मदिरा प्रेमी में भारी आक्रोश है।
फ्रिज नदारद, गर्म बियर ही सहारा
स्थानीय लोगों और उपभोक्ताओं का आरोप है कि सरकारी दुकानों में बियर को ठंडा रखने के लिए पर्याप्त फ्रिज या कूलिंग सिस्टम की व्यवस्था नहीं है। सामान्य तापमान पर रखी बियर इस तपती गर्मी में पीने लायक नहीं रह जाती। उपभोक्ताओं का कहना है कि वे ठंडी बियर के निर्धारित दाम चुकाते हैं, लेकिन बदले में उन्हें चाय जैसी गरम बियर दी जा रही है। यह सीधे तौर पर उपभोक्ताओं के हितों के साथ धोखाधड़ी है।
सेहत पर भारी पड़ सकता है ‘गरम’ का शौक
विशेषज्ञों के अनुसार, चिलचिलाती धूप और गर्मी के दौरान गरम बियर का सेवन स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है। इससे न केवल डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ता है, बल्कि गैस, एसिडिटी, उल्टी, थकान और बेचैनी जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। सरकारी दुकानों में इस तरह की लापरवाही आम जन की सेहत से खिलवाड़ के समान है।
हर साल का वही हाल
मस्तूरी क्षेत्र की इन दुकानों में यह समस्या नई नहीं है। हर साल गर्मी शुरू होते ही कूलिंग सिस्टम की कमी की शिकायतें सामने आती हैं, लेकिन आबकारी विभाग अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकाल पाया है। सरकारी नियंत्रण में होने के बावजूद मूलभूत सुविधाओं का अभाव विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उपभोक्ताओं की मांग: या तो फ्रिज लगाओ या बिक्री बंद करो
परेशान उपभोक्ताओं ने मांग की है कि दुकानों में तुरंत पर्याप्त मात्रा में नए फ्रिज लगाए जाएं ताकि लोगों को ठंडी बियर मिल सके। साथ ही, जब तक कूलिंग की व्यवस्था न हो, तब तक गरम बियर की बिक्री पर रोक लगाई जाए। अब देखना यह है कि प्रशासन और आबकारी विभाग इस पर क्या कार्रवाई करता है या फिर उपभोक्ताओं को इसी तरह ठगा जाता रहेगा।

Back to top button