क्राइमजाँजगीर -चाँपा

चांपा: स्कूल में चोरी करने वाले गिरोह का चौथा आरोपी गिरफ्तार

चांपा पुलिस को बड़ी सफलता, 1 लाख से ज्यादा का सामान बरामद

जांजगीर चांपा। थाना चांपा क्षेत्र अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोजपुर चांपा में हुई चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चांपा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 1 लाख रुपये से अधिक का चोरी का सामान बरामद किया है।

मामले में विद्यालय के प्राचार्य नवनीत पटेल निवासी बेलदार पारा चांपा ने 8 अक्टूबर 2025 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि दशहरा अवकाश के दौरान 26 सितंबर 2025 को स्कूल बंद कर स्टाफ घर चला गया था।

8 अक्टूबर को स्कूल खुलने पर संकुल केंद्र के कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर एलजी स्मार्ट एलईडी टीवी, क्लेम्प मीटर, डिजिटल मल्टीमीटर, प्लायर, एलईडी लाइट, कूलर मोटर, हैमर, आयरन, पेंट, स्क्रू ड्राइवर और सर्किट बोर्ड समेत कई सामान गायब थे। बताया गया कि चोर खिड़की की रॉड तोड़कर अंदर घुसे थे।

पहले 3 आरोपी जा चुके हैं जेल

थाना चांपा में अपराध क्रमांक 460/25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने पहले ही यश मिरी, अभिषेक मिरी और नितेश कुर्रे निवासी बैगीन बंधान चांपा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। तीनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 2 एलईडी टीवी, कांसा के बर्तन, वाई-फाई, प्रोजेक्टर, बैटरी, टुल्लू पंप समेत कुल 1,03,200 रुपये का सामान बरामद किया था।

फरार आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़ा

मामले में फरार चल रहे आरोपी कुनाल मिरी पिता बुधेश्वर मिरी उम्र 21 वर्ष निवासी भोजपुर बैगिन तालाब चांपा की लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से छिपाकर रखा गया सीपीयू, की-बोर्ड और कांसा के बर्तन बरामद किए गए हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, सउनि बाबूलाल दिवाकर, आरक्षक प्रकाश द्विवेदी एवं थाना चांपा स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button