बांकीमोंगरा: धीरेंद्र शास्त्री की कथा में ‘घर वापसी’ मोहम्मद अनवर सपरिवार बने सनातन धर्मी, अब कहलाएंगे आदर्श दास

कोरबा/बांकीमोंगरा। बांकीमोंगरा के ग्राम ढपढप में आयोजित श्री हनुमंत कथा के चौथे दिन मंगलवार को एक बड़ा ‘घर वापसी’ कार्यक्रम संपन्न हुआ। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की उपस्थिति में कुल 543 लोगों ने सनातन धर्म स्वीकार किया। इस दौरान बेमेतरा जिले के एक मुस्लिम परिवार द्वारा धर्म परिवर्तन का मामला चर्चा का केंद्र रहा।
मोहम्मद अनवर अली बने ‘आदर्श दास’
बेमेतरा जिले के कोदवा निवासी मोहम्मद अनवर अली ने अपनी पत्नी और बच्चों के साथ स्वेच्छा से सनातन धर्म अपनाया। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मंच से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगाजल छिड़ककर परिवार का तिलक वंदन किया और उन्हें पटुका पहनाकर आशीर्वाद दिया। धर्म परिवर्तन के बाद मोहम्मद अनवर अली का नया नाम ‘आदर्श दास’ रखा गया है।
इनका भी हुआ नामकरण:
अनवर अली के साथ उनकी पत्नी हसीना, पुत्र सैफ अली और शमद खान ने भी विधि-विधान से हिंदू धर्म स्वीकार किया। अनवर (अब आदर्श दास) ने बताया कि उनका बचपन से ही हिंदू समाज के प्रति गहरा जुड़ाव रहा है, जिसके कारण उन्होंने पूरे परिवार के साथ यह निर्णय लिया है।
543 लोगों की हुई घर वापसी
हनुमंत कथा के चौथे दिन आयोजित इस विशेष सत्र में केवल अनवर का परिवार ही नहीं, बल्कि कुल 543 लोगों ने विभिन्न पंथों को छोड़कर सनातन धर्म में वापसी की। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने इन सभी के निर्णय की सराहना की और समाज से अपील की कि वे इन परिवारों को पूरा सहयोग और सम्मान प्रदान करें।
कथा में उमड़ा जनसैलाब
बांकीमोंगरा में चल रही इस कथा में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुँच रहे हैं। मंगलवार को घर वापसी के इस कार्यक्रम के दौरान जय श्रीराम के नारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे।



