गर्मियों में टंकी का पानी हो जाता है उबलता हुआ? अपनाएं ये आसान उपाय, नलों से आएगा ठंडा पानी

भीषण गर्मी में छत की पानी टंकियां तंदूर जैसी तप रही हैं, लेकिन कुछ आसान घरेलू उपायों से पानी को ठंडा रखा जा सकता है।
डिजिटल डेस्क। देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। दोपहर के समय हालत ऐसी हो जाती है कि घरों की छत पर रखी पानी की टंकियां भी आग की तरह तपने लगती हैं। इसके कारण नलों से गीजर जैसा गर्म पानी आने लगता है, जिससे हाथ-मुंह धोना तक मुश्किल हो जाता है।हालांकि, कुछ आसान और कम खर्च वाले घरेलू उपाय अपनाकर इस समस्या से काफी राहत पाई जा सकती है।
काली टंकी गर्मी सबसे ज्यादा सोखती है
विशेषज्ञों के अनुसार काले रंग की पानी की टंकी सूरज की गर्मी को तेजी से सोखती है। यही वजह है कि दोपहर तक पानी बेहद गर्म हो जाता है। ऐसे में यदि घर में काले रंग की टंकी लगी है, तो उस पर सफेद पेंट या चूने की कोटिंग करना फायदेमंद हो सकता है। सफेद रंग धूप को परावर्तित करता है, जिससे टंकी का तापमान कम बना रहता है।
जूट की बोरी का देसी और असरदार तरीका
ग्रामीण इलाकों में वर्षों से अपनाया जा रहा जूट की बोरी वाला तरीका आज भी काफी कारगर माना जाता है। इसके लिए टंकी को चारों तरफ से जूट की पुरानी बोरियों से ढक दें और दिन में 2-3 बार उन पर पानी छिड़कते रहें। गीली बोरी टंकी के आसपास ठंडक बनाए रखती है, जिससे अंदर का पानी ज्यादा गर्म नहीं हो पाता।
शेड और थर्माकोल शीट से भी मिलेगी राहत
टंकी को सीधी धूप से बचाना बेहद जरूरी है। इसके लिए छत पर टंकी के ऊपर हरी नेट, टीन या फाइबर की शेड लगाई जा सकती है। इसके अलावा थर्माकोल शीट्स की मदद से टंकी के चारों तरफ इंसुलेशन लेयर बनाना भी उपयोगी तरीका माना जाता है। इससे सूरज की तपिश सीधे टंकी तक नहीं पहुंचती।
पानी भरने का समय भी बदलें
कई लोग दोपहर में मोटर चलाकर टंकी भरते हैं, जबकि उस समय पाइपलाइन और जमीन के अंदर का पानी भी काफी गर्म हो चुका होता है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि सुबह जल्दी या देर रात टंकी भरना ज्यादा बेहतर रहता है। उस समय पानी अपेक्षाकृत ठंडा रहता है और दिनभर तापमान नियंत्रित रखने में मदद मिलती है।
छोटे उपाय, बड़ी राहत
गर्मी के मौसम में पानी को ठंडा रखने के लिए महंगे उपकरणों की जरूरत नहीं होती। सिर्फ कुछ छोटे बदलाव और देसी उपाय अपनाकर घरों में आने वाले गर्म पानी की समस्या से काफी हद तक राहत पाई जा सकती है।




