जांजगीर-चांपा में डायल-112 की कार्यप्रणाली होगी और तेज, रिस्पांस टाइम सुधारने ASP उमेश कश्यप ने दिए सख्त निर्देश

आपातकालीन कॉल पर त्वरित कार्रवाई के लिए डायल-112 कर्मचारियों की विशेष बैठक, लापरवाही पर कार्रवाई और उत्कृष्ट कार्य पर पुरस्कार की घोषणा
🔴 आज की बात न्यूज | जांजगीर-चांपा
जिले में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाने के उद्देश्य से डायल-112 के कर्मचारियों की विशेष बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं डायल-112 के नोडल अधिकारी उमेश कुमार कश्यप ने पुलिस कार्यालय के सभा कक्ष में बैठक लेकर रिस्पांस टाइम में सुधार लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
घटना निपटाते ही फिक्स प्वाइंट पर लौटेगी ERV
बैठक में ईआरवी (इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल) स्टाफ, जीवीके ड्राइवर, हाईवे पेट्रोलिंग टीम, डीसीसी प्रभारी एवं जीवीके मैनेजर मौजूद रहे। एएसपी कश्यप ने निर्देश दिए कि किसी भी इवेंट में कार्रवाई पूरी करने और एएसआर भरने के बाद ईआरवी तुरंत अपने निर्धारित फिक्स प्वाइंट पर लौटे, ताकि अगली आपात स्थिति में बिना देरी के रवाना हो सके।
रिस्पांस टाइम पर विशेष फोकस
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने कहा कि डायल-112 की सबसे बड़ी पहचान त्वरित प्रतिक्रिया है। किसी भी घटना में अनावश्यक समय व्यतीत नहीं किया जाना चाहिए। यदि किसी कारणवश देरी होती है तो उसका स्पष्ट कारण दर्ज करना होगा। उन्होंने कर्मचारियों को निर्धारित समय में घटनास्थल पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लापरवाही पर कार्रवाई, बेहतर कार्य पर सम्मान
बैठक में सभी कर्मचारियों को साप्ताहिक कार्य रिपोर्ट समय पर जमा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कार एवं प्रशंसा पत्र के लिए अनुशंसित किया जाएगा, जबकि लापरवाही या रिपोर्ट नहीं देने वाले कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
डायल-112 वाहनों के उपयोग को लेकर सख्ती
एएसपी कश्यप ने निर्देश दिए कि बिना किसी इवेंट या वैध कारण के डायल-112 की ईआरवी को थानों में खड़ा न रखा जाए। यह सेवा पूरी तरह आपातकालीन परिस्थितियों के लिए है और हर समय सक्रिय रहनी चाहिए। तीनों शिफ्टों में पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
हाईवे पेट्रोलिंग टीम को दिए विशेष निर्देश
बैठक के दौरान हाईवे पेट्रोलिंग स्टाफ को एमडीटी, डेस्क कैमरा और मोबाइल डिवाइस के बेहतर उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें हाईवे को अवरोधमुक्त रखने, गलत तरीके से खड़े वाहनों को हटवाने तथा निर्धारित समय सीमा में हर इवेंट का निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
उपकरणों की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्टाफ पर
अधिकारियों ने कहा कि डायल-112 वाहनों में लगे सभी उपकरणों की सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित ईआरवी स्टाफ की होगी। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नुकसान पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।





