Chhattisgarh

जांजगीर: जंगली सूअर के शिकार के चक्कर में गई साथी की जान, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के छाता जंगल में करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जंगली जानवर के शिकार के लिए बिछाए गए बिजली के तार ने एक युवक की जान ले ली, जिसके बाद पुलिस ने मामले में संलिप्त 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

शिकार की साजिश बनी काल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 19 फरवरी 2026 की रात की है। ग्राम लेवई के रहने वाले विरेन्द्र बंजारे, रामसिंह, अक्षय बंजारे, मुकेश खूटे और अनिल लहरे छाता जंगल (खिसोरा) के पास जंगली सूअर के शिकार की योजना बना रहे थे। सभी ने मिलकर जंगल में जीआई (GI) तार फैलाया। करंट प्रवाहित करने के लिए अनिल लहरे 11 केवी के बिजली खंभे पर चढ़ा, जहाँ तार जोड़ते समय वह करंट की चपेट में आ गया और नीचे गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बिना सुरक्षा उपकरण खंभे पर चढ़ाया
जांच में यह बात सामने आई कि आरोपियों ने जानते हुए भी कि तार में करंट है, अपने साथी अनिल लहरे को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के बिजली खंभे पर चढ़ाया था। पुलिस ने इस लापरवाही और अवैध कृत्य पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 81/2026 दर्ज किया। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 3(5) एवं विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
विरेन्द्र कुमार बंजारे (30 वर्ष), निवासी लेवई
रामसिंह उर्फ नानदाउ (55 वर्ष), निवासी लेवई
अक्षय बंजारे (31 वर्ष), निवासी लेवई
मुकेश खुटे (36 वर्ष), निवासी कुरमा


पुलिस की टीम ने की कार्रवाई
बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों को उनके निवास से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्यवाही में प्र.आर. गजाधर पाटनवार, आरक्षक रज्जू टण्डन, रोहित साहू, राघवेन्द्र सिंह और डोल सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button