Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपाबिलासपुर

आईजी राम गोपाल गर्ग के सख्त निर्देश: 15 दिनों में पूरा होगा पासपोर्ट वेरिफिकेशन, थानों के चक्कर काटने से मिलेगी मुक्ति

बिलासपुर । बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG)  राम गोपाल गर्ग ने रेंज के सभी पुलिस अधीक्षकों (SP) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पुलिसिंग को बेहतर बनाने और आम जनता को राहत देने के लिए कई बड़े निर्देश दिए हैं।

पासपोर्ट सत्यापन हुआ आसान
आईजी ने निर्देश दिया कि पासपोर्ट वेरिफिकेशन का काम अब 15 दिनों के भीतर ऑनलाइन पूरा करना होगा। नागरिकों को इसके लिए बार-बार थाने बुलाने या फिजिकल दस्तावेज जमा करने की मजबूरी खत्म कर दी गई है। अब यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और तेज होगी।

सुशासन तिहार पर फोकस
1 मई से 10 जून तक चलने वाले ‘सुशासन तिहार’ के दौरान आने वाली शिकायतों को पुलिस की पहली प्राथमिकता में रखा जाएगा। आईजी ने स्पष्ट किया कि शासन के इस अभियान के दौरान मिलने वाली हर समस्या का समय पर समाधान होना चाहिए।

लंबित मामलों का निपटारा
बैठक में रेंज के लंबित 2374 मर्ग प्रकरणों (खासकर पुराने मामलों) को तुरंत खत्म करने को कहा गया। साथ ही हत्या जैसे गंभीर केस में डीएनए (DNA) और एफएसएल (FSL) रिपोर्ट को प्राथमिकता से मंगाने के निर्देश दिए गए ताकि जांच में देरी न हो।

सुरक्षा और पेट्रोलिंग
आईजी ने माइनिंग क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूरों की जानकारी रखने (मुसाफिरी दर्ज करने) और नेशनल हाईवे पर पेट्रोलिंग को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में ये अधिकारी रहे शामिल
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में रायगढ़ SSP शशि मोहन सिंह, मुंगेली SSP भोजराम पटेल, जांजगीर-चांपा SP  निवेदिता पॉल, सक्ती SP प्रफुल्ल ठाकुर, कोरबा SP सिद्धार्थ तिवारी, जीपीएम SP मनोज खिलारी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ SP आंजनेय वार्ष्णेय, बिलासपुर एडिशनल SP मधुलिका सिंह और आईजी कार्यालय के डीएसपी विवेक शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button