मनरेगा बचाने कल सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस, कलेक्ट्रेट का होगा घेराव

जांजगीर चांपा। कांग्रेस पार्टी द्वारा ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर–चांपा के नेतृत्व में 17 फरवरी, मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 1 बजे जांजगीर–चांपा मार्ग स्थित मदनलाल के बंद पेट्रोल पंप के पास कांग्रेसजनों के एकत्र होने के साथ प्रारंभ होगा, जिसके पश्चात रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय की ओर कूच किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता नागेंद्र गुप्ता ने बताया कि यह आंदोलन केंद्र की कांग्रेस पार्टी द्वारा राष्ट्रव्यापी स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। प्रदर्शन का उद्देश्य केंद्र सरकार की कथित किसान एवं मजदूर विरोधी नीतियों तथा मनरेगा योजना में किए जा रहे बदलावों का विरोध करना है।
कांग्रेस का आरोप है कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना का नाम बदलकर ‘विकसित भारत गारंटी आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ किए जाने, राज्यों को केवल 40 प्रतिशत राशि दिए जाने और कार्य चयन का अधिकार स्थानीय स्तर पर न होने से योजना की मूल भावना कमजोर हो रही है। पार्टी के अनुसार, इससे ग्रामीण मजदूरों को रोजगार मिलने में कठिनाई होगी और पलायन बढ़ने की आशंका है।
प्रवक्ता ने कहा कि मनरेगा गरीब और जरूरतमंद वर्ग के लिए एक महत्वपूर्ण रोजगार गारंटी योजना है, जिसे कमजोर किया जा रहा है। साथ ही महात्मा गांधी के नाम को योजना से हटाना उनके ग्राम स्वराज और रामराज्य की अवधारणा के विपरीत है, जिसे कांग्रेस महात्मा गांधी के आदर्शों का अपमान मानती है।
इस अवसर पर डॉ. चरणदास महंत, दीपक बैज, विजय जांगिड़ (प्रदेश प्रभारी), राजेश अग्रवाल (जिला अध्यक्ष), कांग्रेस के विधायकगण ब्यास कश्यप, राघवेंद्र कुमार सिंह, श्रीमती शेषराज हरवंश, बालेश्वर साहू, प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त समन्वयक विजय केशरवानी सहित पार्टी के अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारी, पार्षद, जनपद व जिला पंचायत सदस्य, पंच–सरपंच, वरिष्ठ कांग्रेसजन तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।




