छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

जाज्वल्यदेव महोत्सव व एग्रीटेक कृषि मेला की तैयारियों पर चर्चा, किसानों के हित में आयोजन के निर्देश

पीएम आवास शिकायतों के त्वरित निराकरण, मनरेगा क्यूआर कोड प्रचार, फाइलेरिया अभियान व जल शक्ति कार्यों में तेजी पर जोर

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले के विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में प्रशासनिक कार्यों की प्रगति, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और आगामी आयोजनों की तैयारियों पर चर्चा की गई।

img 20260203 wa00143156800651811294613

कलेक्टर ने आगामी 11 से 13 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले जाज्वल्यदेव महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जांजगीर-चांपा एक कृषि प्रधान जिला है, इसलिए मेले में लगाए जाने वाले स्टॉल किसानों की आवश्यकताओं और हितों को ध्यान में रखकर लगाए जाएं। कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, बीज, उर्वरक, जैविक खेती एवं आधुनिक कृषि तकनीकों से संबंधित जानकारी किसानों तक प्रभावी रूप से पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही रोजगार मेला, कृषक संगोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं स्मारिका प्रकाशन को व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से संबंधित प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण किया जाए तथा समाधान के बाद हितग्राहियों को अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए। उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया, ताकि ग्रामीणों को पारदर्शिता और निगरानी में सुविधा मिल सके।
जल शक्ति अभियान के अंतर्गत कलेक्टर ने जल संरक्षण एवं जल संवर्धन से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सोखता गड्ढों के निर्माण को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शीघ्र पूर्ण करने तथा फील्ड में हो रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही खनिज विभाग की रॉयल्टी वसूली की समीक्षा करते हुए खदानों की नियमित जांच के निर्देश भी दिए।
बैठक में रबी फसल के दौरान धान के स्थान पर दलहन, तिलहन एवं कम पानी वाली वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी शिकायतों के शीघ्र निराकरण, रक्तदान शिविर आयोजन हेतु स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने और पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जनपद पंचायतवार शिविर लगाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने आधार कार्ड से अपार आईडी, आभा, आयुष्मान कार्ड, पीएम किसान योजना सहित अन्य योजनाओं को लिंक करने के लिए ग्राम एवं नगरीय निकाय स्तर पर संयुक्त शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी शासकीय कार्यालयों में ई-अटेंडेंस को अनिवार्य रूप से लागू करने तथा ई-फाइल प्रणाली के माध्यम से शासकीय कार्यों के निराकरण पर जोर दिया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ  गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर  ज्ञानेन्द्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर  संदीप सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

img 20260203 wa00151486116109076339514

Related Articles

Back to top button