जाँजगीर -चाँपा

समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना अधिवक्ताओं का कर्तव्य : ब्यास कश्यप

जिला अधिवक्ता संघ के शपथग्रहण समारोह में विधायक ने 15 लाख व नपा अध्यक्ष ने 2 लाख की घोषणा की

जांजगीर-चांपा। वकालत केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि न्याय के प्रति समर्पित एक पवित्र कर्तव्य है। अधिवक्ताओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक सस्ता और सुलभ न्याय दिलाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। यह उद्गार जिला अधिवक्ता संघ जांजगीर के शपथग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक ब्यास कश्यप ने व्यक्त किए। समारोह में बड़ी संख्या में अधिवक्तागण, गणमान्य नागरिक एवं न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे। विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि अधिवक्ता संघ जांजगीर की गौरवशाली परंपरा रही है और यह संघ न्यायपालिका की रीढ़ के रूप में कार्य करता रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नव-निर्वाचित पदाधिकारी न्याय, एकता और सेवा के आदर्शों को आत्मसात करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शक्ति सिंह राजपूत ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शपथग्रहण समारोह अधिवक्ता संघ के लिए नई जिम्मेदारी और नई ऊर्जा का प्रतीक है। अधिवक्ता संघ केवल एक संस्था नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का सशक्त माध्यम है। साथियों द्वारा जताए गए विश्वास को ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ निभाना ही सच्ची शपथ है।
इससे पूर्व नवनिर्वाचित अध्यक्ष नरेश शर्मा ने स्वागत भाषण में तहसील बार के उन्नयन हेतु विधायक ब्यास कश्यप से सहयोग की मांग की, जिसे स्वीकार करते हुए विधायक ने 12 लाख रुपए नए भवन निर्माण एवं 3 लाख रुपए इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए देने की घोषणा की। वहीं विशिष्ट अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़वाल ने भी अपने निधि से 2 लाख रुपए देने की घोषणा की, जिस पर अधिवक्ता संघ ने आभार व्यक्त किया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राजपूत ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में अध्यक्ष नरेश शर्मा, उपाध्यक्ष वसंत पटेल एवं श्रीमती विद्या राठौर, कोषाध्यक्ष रामकुमार साहू, सचिव शिवनारायण यादव, ग्रंथ सचिव तिलकराम करा, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव आनंद राठौर सहित कार्यकारिणी सदस्य गणेश प्रसाद शर्मा, किरण कुमार यादव, लकेश्वर प्रसाद सारथी, योगेश सिंह राणा, कुंवर राम कश्यप एवं श्रीमती सीमा कहरा शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता कमलेश मिश्रा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सचिव सूरज गोस्वामी द्वारा किया गया। समारोह में जिले के अधिवक्तागण, गणमान्य नागरिक एवं न्यायालयीन कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

img 20260125 wa00455648407400199535416

Related Articles

Back to top button