national

लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि बने देश के नए CDS, केंद्र सरकार ने की नियुक्ति

वर्तमान CDS जनरल अनिल चौहान के बाद संभालेंगे जिम्मेदारी, सेना के आधुनिकीकरण और संयुक्त रणनीति पर रहेगा फोकस

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने देश की सैन्य संरचना में बड़ा बदलाव करते हुए लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि को नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है। वे वर्तमान CDS जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल समाप्त होने के बाद यह जिम्मेदारी संभालेंगे।

करीब चार दशक का सैन्य अनुभव

लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि को वर्ष 1985 में गढ़वाल राइफल्स में कमीशन मिला था। अपने लंबे सैन्य करियर के दौरान उन्होंने सेना के कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील पदों पर सेवाएं दी हैं। वे वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ और सेंट्रल कमांड के प्रमुख के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।

संवेदनशील क्षेत्रों में संभाली जिम्मेदारी

राजा सुब्रमणि ने जम्मू-कश्मीर, पूर्वोत्तर भारत और पश्चिमी सीमा क्षेत्रों में अहम ऑपरेशनल जिम्मेदारियां निभाई हैं। सैन्य रणनीति और सुरक्षा मामलों में उनके अनुभव को महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके अलावा वे मिलिट्री इंटेलिजेंस और सामरिक मामलों के जानकार अधिकारियों में गिने जाते हैं।

रक्षा सुधारों पर रहेगा विशेष फोकस

उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब देश में थिएटर कमांड और तीनों सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय को लेकर बड़े रक्षा सुधारों पर काम चल रहा है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में सेना के आधुनिकीकरण और संयुक्त सैन्य रणनीति को नई गति मिलेगी।

नौसेना को भी मिला नया प्रमुख

इसी के साथ केंद्र सरकार ने वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को भारतीय नौसेना का नया प्रमुख नियुक्त किया है। वे 31 मई 2026 से अपना पदभार संभालेंगे।

रक्षा मामलों के जानकारों का मानना है कि केंद्र सरकार के इन फैसलों से देश की सुरक्षा व्यवस्था और सैन्य नेतृत्व को नई मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Back to top button