क्राइमजाँजगीर -चाँपा

चंगाई सभा में हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, पास्टर समेत दो गिरफ्तार

उदयबंद गांव में आयोजित चंगाई सभा को लेकर शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, धार्मिक साहित्य जब्त कर दो आरोपियों को भेजा गया जेल।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उदयबंद में आयोजित एक चंगाई सभा को लेकर धार्मिक भावनाएं आहत करने की शिकायत के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए पास्टर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ईसाई धर्म से संबंधित साहित्य और दस्तावेज भी जब्त किए हैं।

शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हिंदू जागरण संगठन में जिला प्रशासन संपर्क प्रमुख के पद पर कार्यरत सतीश सोनी ने थाना सिटी कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उन्हें ग्राम उदयबंद निवासी अवनीश साहू से सूचना मिली थी कि गांव के गुड़ीपारा क्षेत्र में रहने वाले बद्रीनाथ बरेठ के घर पर चंगाई सभा का आयोजन किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सभा में आसपास के ग्रामीणों को बीमारी का इलाज करने के नाम पर बुलाया जा रहा था। साथ ही कथित रूप से चमत्कारी पानी पिलाकर बाइबल एवं अन्य धार्मिक पुस्तकों का वितरण किया जा रहा था तथा ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था।

हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणी का आरोप

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि सभा के दौरान हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां की जा रही थीं, जिससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 439/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना तत्काल पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं सीएसपी योगिता बाली खापर्डे को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस की एक टीम तत्काल ग्राम उदयबंद के लिए रवाना की गई। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने पर वहां चंगाई सभा का आयोजन चल रहा था। पुलिस के अनुसार सभा में मौजूद लोगों से पूछताछ की गई और जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोपों के संबंध में जानकारी जुटाई गई।

दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मकान मालिक बद्रीनाथ बरेठ (40 वर्ष) निवासी गुड़ीपारा, ग्राम उदयबंद तथा पास्टर रथराम महिलांगे (38 वर्ष) निवासी मूलमुला को हिरासत में लिया। पूछताछ और प्रारंभिक जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक मौके से ईसाई धर्म से संबंधित बाइबल, धार्मिक साहित्य एवं अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक उमेन्द्र मिश्रा, उप निरीक्षक कमल दास बनर्जी, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक आलोक शर्मा, प्रधान आरक्षक भीम कुमार श्रीवास, शंकर राजपूत, विनोद राठौर तथा महिला आरक्षक रेखा यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जांच जारी

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button