बहेराडीह किसान स्कूल में होगा राज्य स्तरीय मशरूम महोत्सव 28 जून को

वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू किसान स्कूल की बैठक में शामिल हुईं समाजसेविका डॉ. गीता सिंह
जांजगीर-चांपा। बहेराडीह स्थित देश के पहले किसान स्कूल में आयोजित बैठक में रायगढ़ से पहुंची समाजसेविका डॉ. गीता सिंह शामिल हुईं। बैठक में आगामी 28 जून को किसान स्कूल परिसर में राज्य स्तरीय मशरूम महोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस महोत्सव में जांजगीर-चांपा जिले सहित छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के मशरूम उत्पादक किसानों को आमंत्रित किया जाएगा।
इस संबंध में वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू किसान स्कूल के संचालक दीनदयाल यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिवर्ष 10 दिसंबर को किसान स्कूल परिसर में राज्य स्तरीय भाजी महोत्सव आयोजित किया जाता है। उसी तर्ज पर 28 जून को राज्य स्तरीय मशरूम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। दोनों महोत्सव प्रतिवर्ष किसानों के सहयोग से निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
दीनदयाल यादव ने बताया कि किसान स्कूल में कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र से जुड़े 18 विषयों पर निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है, जिसमें मशरूम उत्पादन एवं मशरूम प्रसंस्करण प्रमुख हैं। उन्होंने बताया कि खेतों में पराली जलाने के बजाय उससे मशरूम उत्पादन, जैविक खाद निर्माण एवं पशु चारा के रूप में उपयोग को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है।
बैठक में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी कार्ययोजना तैयार की गई। महिलाओं को घर बैठे रोजगार से जोड़ने तथा उनके द्वारा निर्मित उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई।
मशरूम उत्पादक किसानों का होगा सम्मान
बैठक में शामिल समाजसेविका डॉ. गीता सिंह ने बताया कि राज्य स्तरीय मशरूम महोत्सव के दौरान मशरूम उत्पादन से जुड़े किसानों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही जिले में मशरूम उत्पादन व्यवसाय को बढ़ावा देने हेतु ठोस कार्ययोजना बनाई जा रही है, जिससे पराली जलाने की समस्या का समाधान हो सके और किसानों की आमदनी में वृद्धि हो। बैठक में सरपंच चन्द्रकला सरवन कश्यप, पत्रकार राजकुमार साहू, प्रकाश साहू, नारी शक्ति महिला ग्राम संगठन की अध्यक्ष रम्भा गोड़, सचिव रामकुमारी यादव, मितानिन रामबाई यादव, लक्ष्मी यादव, भगवती यादव, कृषि सखी शशि कर्ष, पशु सखी पुष्पा यादव, सक्रिय महिला ललिता यादव, आरबीके साधना यादव, लक्ष्मीन बरेठ, राजाराम यादव, पिंटू कश्यप, उर्मिला यादव, रसोईया संघ के पदाधिकारी कृष्णा सहित अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।





