Chhattisgarhक्राइमजाँजगीर -चाँपा

चांपा के कुरदा में युवक पर कातिलाना हमला, 3 आरोपी सलाखों के पीछे

बीच-बचाव के बाद भी करते रहे मारपीट; अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा घायल, पुलिस ने दर्ज किया गंभीर अपराध

🔴 आज की बात News | जांजगीर चांपा। चांपा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुरदा में मामूली विवाद के बाद एक युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात 24 सितंबर को सुबह करीब 11:00 बजे की है, जब पुरानी बात को लेकर हुए विवाद में तीन युवकों ने मिलकर गांव के ही महेंद्र पटेल पर जानलेवा हमला कर दिया।

जमीन पर गिराकर सिर पर किए वार

घटना के समय आरोपी जितेंद्र पटेल और विजेंद्र पटेल ने महेंद्र पटेल को पीछे से दबोच कर जमीन पर गिरा दिया। इसी दौरान तीसरे आरोपी सुरेंद्र पटेल ने गाली-गलौज करते हुए हाथ में लिए चाकू से महेंद्र के सिर के पीछे लगातार तीन से चार वार कर दिए। हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर से भारी मात्रा में खून बहने लगा। परिजनों और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी मारपीट करते रहे। भीड़ जुटती देख तीनों आरोपी अपनी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने दर्ज किया केस

घटना की सूचना मिलते ही चांपा पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल महेंद्र पटेल को तत्काल बीडीएम अस्पताल चांपा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

त्वरित दबिश देकर तीनों आरोपी गिरफ्तार

थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे के नेतृत्व में चांपा पुलिस ने त्वरित घेराबंदी करते हुए वारदात में शामिल तीनों आरोपियों—सुरेंद्र पटेल (19 वर्ष), जितेंद्र पटेल (23 वर्ष) और विजेंद्र पटेल (22 वर्ष, सभी निवासी ग्राम कुरदा)—को हिरासत में लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है। विधिवत गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button