चुनावी रंजिश में उपसरपंच को धमकाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार: नवागढ़ पुलिस ने भेजा जेल

पैसे मांगने, इस्तीफा देने का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी पर एक्शन; अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़पार में चुनावी रंजिश को लेकर उपसरपंच को धमकाने और अवैध उगाही का गंभीर मामला सामने आया है। प्रार्थी उपसरपंच के अनुसार 22 सितंबर की शाम आरोपी उनके घर पहुंचे और उपसरपंच बनने का हवाला देकर पैसों की मांग करने लगे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उपसरपंच पद से तत्काल इस्तीफा देने का दबाव बनाया और बात न मानने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने दर्ज किया बीएनएस की धाराओं में अपराध
पीड़ित उपसरपंच की रिपोर्ट पर नवागढ़ पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 308/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 308(4), 333 एवं 3(5) के तहत जुर्म दर्ज कर विवेचना शुरू की।
दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए न्यायिक रिमांड पर
थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देकर घटना में शामिल दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में साहिल जोशी और भरत बंजारे (दोनों निवासी ग्राम मुड़पार) शामिल हैं। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से पतासाजी की जा रही है।




