जाँजगीर -चाँपाधर्म भक्ति

नवरात्रि से पहले अलर्ट मोड पर प्रशासन: कलेक्टर और एसपी ने किया नैला दुर्गा उत्सव स्थल का निरीक्षण समिति से की चर्चा

प्रदेशभर से उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर परखी गईं व्यवस्थाएं; पार्किंग, बैरिकेडिंग, फायर सेफ्टी, एम्बुलेंस व बिजली इंतजाम दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश

जांजगीर-चांपा। 02 सितंबर 2026। आगामी नवरात्रि पर्व और जांजगीर-नैला में आयोजित होने वाले भव्य दुर्गा उत्सव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने बुधवार को श्री श्री दुर्गा पूजा उत्सव नैला के आयोजन स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों से विस्तृत चर्चा की और प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

प्रवेश-निकासी, पार्किंग और बैरिकेडिंग पर विशेष जोर

img com 2026090218280863036336582199377173543

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने आयोजन स्थल का सघन मुआयना करते हुए श्रद्धालुओं के सुचारू आवागमन के लिए प्रवेश एवं निकासी (एंट्री-एग्जिट) की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि पर्व के दौरान प्रदेशभर से लाखों श्रद्धालु और दर्शनार्थी नैला पहुंचते हैं, इसलिए बेहतर क्राउड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। वाहनों के व्यवस्थित संचालन के लिए पर्याप्त पार्किंग स्थल चिन्हित करने और भीड़ नियंत्रण के लिए संवेदनशील स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए गए।

फायर सेफ्टी, एम्बुलेंस और साफ-सफाई के पुख्ता बंदोबस्त

कलेक्टर ने आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि पूरे पर्व के दौरान नियमित साफ-सफाई हो और श्रद्धालुओं को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आयोजन स्थल पर 24 घंटे एम्बुलेंस, आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं और पुख्ता फायर सेफ्टी संसाधन तैनात रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही विद्युत सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखने को कहा गया।

img com 2026090218280849716081871649955075230

समिति और प्रशासन के समन्वय से सफल होगा आयोजन

कलेक्टर व एसपी ने आयोजन समिति के सदस्यों से संवाद करते हुए कहा कि सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता और अग्नि सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य आपसी समन्वय से समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क, एसडीएम सुब्रत प्रधान, आयोजन समिति से राजेश पालीवाल, प्रदीप गोयल, संदीप शर्मा, विक्रम पालीवाल, विष्णु धानुका, संजय भोपालपुरिया, मनोज राव सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी व समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

img com 2026090218280857026485802246626892779

Related Articles

Back to top button