
जापान में आयोजित एशियन गेम्स के फाइनल में भारत ने ईरान को दी मात; मुख्यमंत्री ने कहा गांवों व वनांचलों की प्रतिभाओं को तराशने में जुटी है सरकार
🔴 आज की बात News | रायपुर। जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में ईरान को शिकस्त देकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक स्वर्णिम सफलता में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की होनहार खिलाड़ी संजू देवी ने बेहद अहम भूमिका निभाई है। इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से फोन पर आत्मीय बातचीत कर उन्हें पूरे प्रदेश की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
संजू की उपलब्धि से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित: सीएम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से संवाद करते हुए उनके खेल कौशल और समर्पण की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि संजू ने अपनी असाधारण प्रतिभा और कड़ी मेहनत से न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है। एशियन गेम्स जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय टीम का यह स्वर्णिम प्रदर्शन प्रत्येक भारतवासी के लिए गर्व का क्षण है और इसमें छत्तीसगढ़ की बेटी का योगदान प्रदेश के लिए विशेष मान का विषय है।
युवा खिलाड़ियों व बेटियों के लिए बनेंगी प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज खेल और शिक्षा सहित हर क्षेत्र में अपनी काबिलियत का लोहा मनवा रही हैं। कोरबा जैसे अंचल से निकलकर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर गोल्ड मेडल जीतना बेहद प्रेरणादायक है। संजू की यह सफलता उन हजारों युवा खिलाड़ियों और बेटियों में नया हौसला भरेगी, जो खेलों में अपना भविष्य संवारना चाहते हैं।
प्रतिभाओं को मंच देने सरकार कर रही काम
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार वनांचलों, आदिवासी क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए लगातार काम कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर अधोसंरचना, उचित प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि वे देश और दुनिया में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकें। इस दौरान छत्तीसगढ़ ओलिंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, कोच और सपोर्ट स्टाफ को भी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।




