जाँजगीर -चाँपा

एलपीजी की कीमतों में भारी वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, चांपा में फूंका प्रधानमंत्री का पुतला

बढ़ी हुई दरें तत्काल वापस लेने की मांग, पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुई झूमाझपटी

जांजगीर-चांपा: केंद्र सरकार द्वारा घरेलू और कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडरों के दामों में की गई भारी वृद्धि के विरोध में शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर-चांपा ने उग्र प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चांपा के स्टेशन रोड स्थित लायंस चौक पर एकत्रित होकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि 7 मार्च 2026 से प्रभावी हुई नई कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने बताया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर में 60 रुपये और कॉमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी सीधे तौर पर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की रसोई पर हमला है।
जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि रसोई गैस आज की अनिवार्य आवश्यकता है, लेकिन सरकार की गलत नीतियों के कारण महंगाई बेकाबू होती जा रही है। वहीं, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू ने आरोप लगाया कि एक तरफ आम आदमी बेरोजगारी से जूझ रहा है, वहीं दूसरी तरफ सरकार बार-बार कीमतें बढ़ाकर आर्थिक बोझ डाल रही है। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सीमा शर्मा ने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों से घर की रसोई का पूरा बजट बिगड़ गया है।
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नागेंद्र गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि ईंधन आपूर्ति करने वाले देशों के बीच युद्ध छिड़ा हुआ है, लेकिन भारत सरकार प्रभावी ईंधन सुरक्षा नीति बनाने में विफल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस नहीं लिया गया, तो कांग्रेस चरणबद्ध तरीके से उग्र आंदोलन करेगी।
लायंस चौक पर पुतला दहन के दौरान पुलिस प्रशासन की भारी तैनाती रही। इस दौरान पुतला छीनने की कोशिश में कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झूमाझपटी भी देखने को मिली।
इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से भगवान दास गढ़वाल, जय थवाईत, गिरधारी यादव, बाबूलाल जायसवाल, सुनील साधवानी, रामबिलास राठौर, गौरव सिंग, रविन्द्र शर्मा, बबला महराज, देव प्रसाद पांडेय, श्रीमती नम्रता नामदेव, अजित राणा, सेवकबूटू देवांगन, हरीश पांडेय, पंकज शुक्ला, गौतम राठौर, आकाश तिवारी, प्रकाश गुप्ता, राजू शर्मा, अंजलि देवांगन, तमिन्द देवांगन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button