कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलौदा का किया निरीक्षण, ओपीडी, प्रसव कक्ष सहित विभिन्न वार्डों का लिया जायजा, मरीजों से बात कर लिया फीडबैक

जांजगीर-चांपा, 10 मार्च 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलौदा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, ओटी कक्ष, पोषण पुनर्वास केंद्र, प्रसव कक्ष तथा दवा वितरण कक्ष सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार और सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने डॉक्टरों को मरीजों के बेहतर उपचार और संवेदनशीलता के साथ सेवा देने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और बायोमेडिकल वेस्ट के समुचित प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
कलेक्टर महोबे ने अस्पताल प्रबंधन को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार करते हुए आम लोगों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने तथा अपने दायित्वों का गुणवत्तापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने मरीजों के लिए आवश्यक दवाइयों और अन्य सामग्रियों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। इस दौरान सीएमएचओ डॉ. अनीता श्रीवास्तव, एसडीएम अकलतरा श्री सुमित बघेल सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




