भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए संबल बनी साय सरकार: जांजगीर-चांपा के 21 हजार से अधिक हितग्राहियों के खाते में पहुंची राशि

जांजगीर-चांपा (25 मार्च 2026): प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज ‘दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना’ के माध्यम से राज्य के लगभग 5 लाख भूमिहीन परिवारों को 500 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात दी है। बलौदाबाजार-भाटापारा में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम के साथ ही जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम में भव्य जिला स्तरीय समारोह संपन्न हुआ। योजना के तहत जिले के कुल 21,135 पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में डीबीटी (DBT) के माध्यम से 211.35 लाख रुपये की सहायता राशि सीधे अंतरित की गई।
प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं मजदूर: नारायण चंदेल
जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक कृषि प्रधान राज्य है, जहाँ की अर्थव्यवस्था का आधार हमारे किसान और मजदूर हैं। उन्होंने कहा, “भूमिहीन कृषि मजदूर अन्न उत्पादन में अपना पसीना बहाते हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार इन मजदूरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह सहायता राशि उनके जीवन स्तर को सुधारने में मील का पत्थर साबित होगी।”

अंतिम छोर के व्यक्ति का हो रहा सशक्तीकरण
जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब ग्रामीण मजदूर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होगा, तभी गाँव और प्रदेश का सर्वांगीण विकास संभव है। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने प्रतीक स्वरूप हितग्राहियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री का पेंड्री निवासी राजेंद्र श्रीवास से सीधा संवाद
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मुख्यमंत्री का वर्चुअल संवाद रहा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जांजगीर-चांपा के ग्राम पेंड्री निवासी हितग्राही श्री राजेंद्र कुमार श्रीवास से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री द्वारा दी गई बधाई पर हर्ष व्यक्त करते हुए राजेंद्र ने बताया कि उन्हें प्राप्त हुई सहायता राशि उनके लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने साझा किया कि वे इस राशि का उपयोग अपने पारंपरिक सैलून व्यवसाय को विस्तार देने में कर रहे हैं, जिससे उनकी आय बढ़ेगी और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरेगी।

तहसीलवार लाभान्वित हितग्राहियों का विवरण
योजना के तहत जिले की विभिन्न तहसीलों में राशि का वितरण इस प्रकार रहा:
- पामगढ़: 5925 हितग्राही (59.25 लाख रु.)
- अकलतरा: 3783 हितग्राही (37.83 लाख रु.)
- जांजगीर: 3655 हितग्राही (36.55 लाख रु.)
- शिवरीनारायण: 1914 हितग्राही (19.14 लाख रु.)
- नवागढ़: 1585 हितग्राही (15.85 लाख रु.)
- चांपा: 1535 हितग्राही (15.35 लाख रु.)
- सारागांव: 1065 हितग्राही (10.65 लाख रु.)
- बलौदा: 928 हितग्राही (9.28 लाख रु.)
- बम्हनीडीह: 745 हितग्राही (7.45 लाख रु.)
गरिमामय उपस्थिति
समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढेवाल, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और भूमिहीन कृषक उपस्थित रहे।





