चांपा: लायंस इंग्लिश स्कूल को मिली CBSE की संबद्धता, 58 वर्षों के सफर में जुड़ा स्वर्णिम अध्याय

जांजगीर चाम्पा । चाम्पा नगर की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था लायंस इंग्लिश हायर सेकेण्ड्री स्कूल के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। लंबे इंतजार और प्रबंधन के अनवरत प्रयासों के बाद स्कूल को आखिरकार केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा मण्डल (CBSE) द्वारा संबद्धता प्रदान कर दी गई है। इस नवीन उपलब्धि से जहाँ छात्रों और पालकों में खुशी की लहर है, वहीं नगर के शिक्षा जगत में भी हर्ष व्याप्त है।
58 वर्षों की सेवा का नया आयाम
अंतर्राष्ट्रीय समाज सेवी संस्था लायंस क्लब चांपा द्वारा वर्ष 1978 से संचालित यह स्कूल जिले का प्रथम इंग्लिश मीडियम स्कूल रहा है। संचालन के 58 वर्ष पूर्ण होने पर स्कूल को 23 अप्रैल को सी.बी.एस.ई. से संबद्धता (क्रमांक-3330572) मिलने की जानकारी पोर्टल के माध्यम से प्राप्त हुई। स्कूल प्रबंधन पिछले एक वर्ष से इस प्रक्रिया के लिए प्रयासरत था, जो गुरुवार को सफल हुआ।
राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा का खुलेगा मार्ग
शिक्षण समिति के पदाधिकारियों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू होने से यहाँ के बच्चों को उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। एक समान राष्ट्रीय पाठ्यक्रम होने से छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं में बड़ी मदद मिलेगी और दूसरे राज्यों में पढ़ाई के लिए जाने पर भी आसानी होगी।
प्रबंधन ने व्यक्त किया हर्ष
लायंस क्लब शिक्षण समिति के चेयरमेन लायन रामप्रपन्न देवांगन, अध्यक्ष संतोष कुमार सोनी और प्राचार्य श्रीमती अजिता वी. के. ने इसे स्कूल के लिए बड़ी जीत बताया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष डॉ. के. पी. राठौर, सचिव सुरेश अग्रवाल, एस. एन. अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, गिरधारी लाल अग्रवाल, डॉ. योगेन्द्र शर्मा, बजरंग अग्रवाल, नंदकुमार देवांगन सहित लायंस क्लब के समस्त सदस्यों ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



