जाँजगीर -चाँपा

भीषण गर्मी से बचने युवक का देसी जुगाड़ बना चर्चा का विषय

खोखरा के युवा ने मोटरसाइकिल पर बनाई पत्तों की छतरी, धूप से राहत पाने किया अनोखा नवाचार

जांजगीर-चांपा। भीषण गर्मी और तेज धूप से राहत पाने के लिए खोखरा स्कूल चौक निवासी युवा व्यवसायी रामकिशोर देवांगन ने अनोखा देसी जुगाड़ तैयार किया है। मोटरसाइकिल रिपेयरिंग का काम करने वाले रामकिशोर ने अपनी बाइक के ऊपर हरे पत्तों और टहनियों की छतरीनुमा छाया बना दी है, जो अब लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

रामकिशोर ने मोटरसाइकिल के दोनों तरफ मजबूत एंगल फिट कर उसके ऊपर हरे पत्तों और टहनियों को इस तरह लगाया है कि बाइक चलाते समय चालक को तेज धूप से राहत मिल सके। सड़क पर यह अनोखी बाइक निकलते ही लोगों की नजर उस पर टिक जाती है। कई लोग रुककर इसकी तस्वीरें और वीडियो भी बना रहे हैं।

“धूप से बचने के लिए किया प्रयोग”

रामकिशोर देवांगन ने बताया कि इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के कारण बाइक से आना-जाना काफी मुश्किल हो रहा था। तेज धूप सीधे सिर और शरीर पर पड़ती थी, जिससे राहत पाने के लिए उन्होंने यह देसी उपाय तैयार किया। उन्होंने बताया कि यह कम खर्च में तैयार किया गया नवाचार है और इससे धूप से काफी राहत मिल रही है।

लोगों ने की सराहना

क्षेत्र के लोगों ने भी रामकिशोर के इस अनोखे प्रयोग की जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच इस तरह का देसी नवाचार नई सोच और रचनात्मकता को दर्शाता है।रामकिशोर की यह अनोखी मोटरसाइकिल अब इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button