ठठारी के ऐतिहासिक चतुर्भुज विष्णु मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए की पूजा-अर्चना

सुशासन तिहार के तहत सक्ती जिले के ठठारी गांव पहुंचे मुख्यमंत्री, जनचौपाल में ग्रामीणों से संवाद कर सुनी समस्याएं।
🔴 Aaj Ki Baat News | सक्ती
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के अंतर्गत शनिवार को सक्ती जिले के जैजैपुर विकासखंड स्थित ग्राम ठठारी पहुंचकर ऐतिहासिक चतुर्भुज विष्णु मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान विष्णु से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना करते हुए छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए आशीर्वाद मांगा।
आस्था और विरासत का प्रमुख केंद्र है मंदिर
ग्राम ठठारी स्थित चतुर्भुज विष्णु मंदिर क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। स्थानीय जनश्रुतियों के अनुसार मंदिर में स्थापित भगवान विष्णु की प्रतिमा चौथी शताब्दी की मानी जाती है, जिससे इस स्थल का ऐतिहासिक महत्व और बढ़ जाता है।
सुशासन तिहार के तहत गांव-गांव पहुंच रहे मुख्यमंत्री
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुशासन तिहार के दौरान प्रदेश के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का लगातार दौरा कर रहे हैं। इस दौरान वे ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर शासन की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन, विकास कार्यों की स्थिति तथा जनसमस्याओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
जनचौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
मुख्यमंत्री ने ग्राम ठठारी में आयोजित जनचौपाल में शामिल होकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से चर्चा कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित एवं संवेदनशील निराकरण के निर्देश भी दिए।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




