
सक्ती पुलिस ने सेंदुरस में बुजुर्ग दंपति हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दो वर्ष पुराने मुक्ता डबल मर्डर केस का भी खुलासा हुआ।
🔴 Aaj Ki Baat News | सक्ती
सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेंदुरस में हुए चर्चित बुजुर्ग दंपति दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों समेत लूट के आभूषण खरीदने वाले एक सराफा व्यापारी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वर्ष 2024 में ग्राम मुक्ता में हुए दोहरे हत्याकांड को भी अंजाम देना स्वीकार किया है।
पांच दिन की जांच के बाद मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा तथा साइबर सेल की टीम ने लगातार पांच दिनों तक जांच अभियान चलाया। तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन और साइबर सर्विलांस की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
ऐसे दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार 2-3 जून 2026 की रात ग्राम सेंदुरस निवासी पुरूषोत्तम खुंटे और उनकी पत्नी गुहरिन बाई खुंटे अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी घर में घुसे और लोहे की रॉड से हमला कर दोनों की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने घर से नकदी, मोबाइल फोन और महिला के सोने के आभूषण लूट लिए।
मोबाइल फोन बना अहम सुराग
घटनास्थल से गायब मृतक का मोबाइल फोन पुलिस ने साइबर सर्विलांस पर रखा था। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपी देवकुमार यादव (33) और रूपचरण यादव (40), दोनों निवासी पंडरीपानी, थाना मालखरौदा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने हत्या और लूट की वारदात स्वीकार कर ली।
लूट का सोना खरीदने वाला व्यापारी भी गिरफ्तार
जांच में पता चला कि आरोपियों ने लूटे गए सोने के आभूषण जैजैपुर के सराफा व्यापारी बाबूलाल साहू को बेच दिए थे। पुलिस ने व्यापारी के कब्जे से आभूषण बरामद कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
दो साल पुराने मुक्ता डबल मर्डर केस का भी खुलासा
गहन पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जून 2024 में ग्राम मुक्ता में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार उसी जोड़ी ने मगनलाल गबेल और उनकी पत्नी बुधवारा बाई गबेल की हत्या कर आभूषण लूटे थे।
नकदी, सोना और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के सोने के आभूषण, गलाया हुआ सोना, 77 हजार रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड तथा मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार
दोनों चर्चित डबल मर्डर मामलों के खुलासे पर पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने जांच टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।




