जाँजगीर -चाँपा

जांजगीर-चांपा: समय-सीमा की बैठक में निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर कलेक्टर नाराज, शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों और विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, लंबित प्रकरणों, विकास कार्यों तथा विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आमजन से जुड़े प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर दिया जोर

बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, विभिन्न ऑनलाइन शिकायत पोर्टलों तथा सुशासन शिविरों में प्राप्त लंबित आवेदनों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि वास्तविक समस्या के समाधान पर आधारित होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को प्रतिदिन मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल का अवलोकन करने, शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने तथा निराकरण के बाद हितग्राहियों से संपर्क कर फीडबैक लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही शिकायत निवारण की प्राथमिकता है।

निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

जिले में संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी एसडीओ, उप अभियंताओं (जेई) एवं तकनीकी सहायकों को नियमित रूप से निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण करने, संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा गुणवत्तापूर्ण कार्य होने पर ही भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी निर्माण कार्यों की प्रगति एवं स्थल के फोटोग्राफ अनिवार्य रूप से जांजगीर-चांपा निर्माण पोर्टल पर अपलोड करने को कहा।

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों और विभागीय कार्यों की समीक्षा

बैठक में आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए समारोह स्थल की साफ-सफाई, सुरक्षा, मंच, विद्युत व्यवस्था, यातायात, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को समय-सीमा की बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश देते हुए कहा कि बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।

स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और जल संरक्षण पर दिए निर्देश

कलेक्टर ने एचपीवी टीकाकरण का शेष लक्ष्य एक सप्ताह में पूरा करने, 10 अगस्त तक कृमि मुक्ति अभियान का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा खरीफ फसल के लिए किसानों को समय पर कृषि आदान एवं तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संरक्षण कार्यों, “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में लगाए गए पौधों के संरक्षण तथा पारस पोर्टल में विभागीय जानकारी समय-सीमा के भीतर दर्ज करने पर भी विशेष जोर दिया।

बैठक में रहे उपस्थित

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर आर. के. तम्बोली, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

img com 2026080419161055613785007797586938909
img com 2026080419161066922340103398466525507

Related Articles

Back to top button