जनसेवाजाँजगीर -चाँपा

रीवा में जैन आर्यिकाओं की दुर्घटना के विरोध में नैला में निकली विशाल मौन आक्रोश रैली

सकल जैन समाज ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई व साधु-साध्वियों की सुरक्षा के लिए स्थायी व्यवस्था की मांग

जांजगीर-चांपा। मध्यप्रदेश के रीवा में जैन आर्यिकाओं के साथ हुई दुर्घटना के विरोध में सकल जैन समाज नैला द्वारा सोमवार को विशाल मौन आक्रोश रैली निकाली गई। समाज के लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई और भविष्य में साधु-साध्वियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। रैली में बड़ी संख्या में समाज के पुरुष, महिलाएं एवं युवा शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल जैन मंदिर नैला में अभिषेक, शांतिधारा एवं विशेष पूजन के साथ हुई। धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात सुबह करीब 8 बजे मौन जुलूस प्रारंभ किया गया। रैली जैन मंदिर से निकलकर स्टेशन चौक, मुख्य मार्ग, अग्रसेन मार्ग होते हुए पंजाब नेशनल बैंक तक पहुंची और वहां से वापस अहिंसा चौक पहुंचकर समाप्त हुई। पूरे मार्ग में समाजजन हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर मौन रूप से चल रहे थे। रैली के दौरान वातावरण पूरी तरह अनुशासित एवं शांतिपूर्ण बना रहा।

ज्ञापन सौंपकर जताया विरोध
अहिंसा चौक पहुंचने पर प्रशासन की ओर से तहसीलदार उपस्थित हुए, जहां सकल जैन समाज नैला के पदाधिकारियों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन गृह मंत्री भारत सरकार, मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन, कलेक्टर जांजगीर-चांपा एवं पुलिस अधीक्षक के नाम संबोधित था।

तहसीलदार को ज्ञापन देते हुए जैन समाज नैला के पदाधिकारी

ज्ञापन में रीवा की घटना की निंदा करते हुए दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही समाज ने यह भी मांग रखी कि भविष्य में देशभर में भ्रमण करने वाले साधु-साध्वियों की सुरक्षा के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश एवं विशेष सुरक्षा व्यवस्था बनाई जाए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

प्रशासन ने दिया आश्वासन
तहसीलदार ने समाज के प्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि ज्ञापन शासन तक भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में जब भी साधु-साध्वियों का आगमन हो, समाज प्रशासन को पूर्व सूचना दे, ताकि आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।

बड़ी संख्या में शामिल हुए समाजजन
रैली एवं ज्ञापन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सकल दिगंबर जैन समाज के मंत्री सुशील कुमार जैन, दिगंबर जैन समाज नैला के अध्यक्ष सुशील जैन, सचिव अमित अजमेरा, महिला मंडल अध्यक्ष निधि अजमेरा, नवयुवक मंडल अध्यक्ष धीरज अजमेरा, उपाध्यक्ष विकास जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

इसके अलावा सुरेश खिलोसिया, दिनेश जैन, राजेश लुहाड़िया, सौरभ लुहाड़िया, आनंद जैन, सुनील जैन चांपा, प्रभात जैन चांपा, हर्ष पाटनी, संजय अजमेरा, संजय लुहाड़िया, सुनील लुहाड़िया, अजय अजमेरा, रविंद्र जैन, संदीप जैन, दीपेंद्र जैन, सुनील अजमेरा, गोविंद सोनी सहित जैन महिला मंडल एवं नवयुवक मंडल के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

शांतिपूर्ण तरीके से दर्ज कराया गया विरोध
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि जैन संत एवं आर्यिकाएं अहिंसा, तप और धर्म के मार्ग पर चलकर समाज को सदैव सद्भाव एवं शांति का संदेश देते हैं। ऐसे में उनके साथ होने वाली घटनाएं अत्यंत दुखद एवं निंदनीय हैं। समाज ने सरकार से इस मामले में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने की मांग की।

Related Articles

Back to top button