Chhattisgarhपॉलिटिक्स

महिला आरक्षण के अपमान पर भाजपा का ‘हल्लाबोल’: आज रायपुर में निकलेगी ‘जन आक्रोश यात्रा’

विपक्ष के खिलाफ सड़क पर उतरेगी नारी शक्ति; CM विष्णुदेव साय और प्रदेश अध्यक्ष किरण देव होंगे शामिल

रायपुर: महिला आरक्षण बिल (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) के लोकसभा में पारित न हो पाने को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में उबाल आ गया है। इस मुद्दे पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को घेरने के लिए भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा कल, 20 अप्रैल को राजधानी रायपुर में एक विशाल ‘जन आक्रोश यात्रा’ निकालने जा रहा है।
इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक पदयात्रा
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने बताया कि यह पदयात्रा दोपहर 3:00 बजे बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से शुरू होगी। शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए यह यात्रा सुभाष स्टेडियम पहुंचेगी, जहाँ एक विशाल आमसभा का आयोजन किया जाएगा।
इस जन आक्रोश यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, और उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ मंत्री, विधायक और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। पार्टी ने इसे केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान की लड़ाई बताया है।

कार्यक्रम की सफलता के लिए भाजपा कार्यालय ‘कुशाभाऊ ठाकरे परिसर’ में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भाजपा का दावा है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को रोकने से छत्तीसगढ़ की महिलाओं में भारी नाराजगी है, जिसका जवाब इस यात्रा के माध्यम से दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button